Motihari: पैसा नहीं मिला तो थमी विकास की रफ्तार, सम्राट अशोक भवन समेत 30 योजनाएं अटकीं

मोतिहारी में फंड की भारी कमी के कारण नगर निगम के विकास कार्यों की रफ्तार थम गई है. पौने दो करोड़ के बजट वाला सम्राट अशोक भवन समेत करीब 30 करोड़ रुपये की 30 अन्य योजनाएं भी पैसों के अभाव में अधर में लटकी हैं. नगर आयुक्त ने विभाग को डिमांड भेज दी है.

Motihari News: मोतिहारी. नगर विकास एवं आवास विभाग के दावों के विपरीत धरातल पर फंड की भारी कमी के कारण नगर निगम के विकास कार्यों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया है. ताजा मामला नगर भवन परिसर में निर्माणाधीन सम्राट अशोक भवन का है. प्रशासनिक उदासीनता और वित्तीय आवंटन नहीं होने के कारण भवन का निर्माण संकट में है. इस योजना के लिए पौने दो करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत है, लेकिन विभाग की ओर से अब तक नगर निगम को कोई राशि आवंटित नहीं की गयी है.

नगर भवन में निर्माणाधीन अशोक सम्राट भवन

पौने दो करोड़ के बजट में अब तक एक कौड़ी भी नहीं मिली

सम्राट अशोक भवन का निर्माण निर्धारित समय-सीमा के अंतिम चरण में है. विभागीय नियमों के अनुसार भवन को अब तक पूरी तरह तैयार हो जाना चाहिए था. शुरुआत में संवेदक ने अपने निजी स्तर पर पूंजी लगाकर निर्माण कार्य तेज गति से शुरू किया था, ताकि शहरवासियों को जल्द आधुनिक बहुउद्देश्यीय सांस्कृतिक और प्रशासनिक हॉल मिल सके.

लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी विभाग से एक रुपये का भुगतान नहीं होने के कारण संवेदक के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. इसका सीधा असर निर्माण कार्य की गति पर पड़ा है और वर्तमान में इस महत्वपूर्ण परियोजना का काम बेहद धीमा हो गया है.

30 करोड़ की करीब 30 अन्य योजनाएं भी अधर में

नगर निगम सूत्रों के अनुसार फंड की कमी सिर्फ सम्राट अशोक भवन तक सीमित नहीं है. नगर निगम क्षेत्र में करीब 30 बड़ी योजनाएं ऐसी हैं, जो पिछले कई महीनों से पैसों के अभाव में प्रभावित हो रही हैं.

इन लंबित और प्रभावित विकास योजनाओं का कुल बजट करीब 30 करोड़ रुपये आंका गया है. फंड रुकने के कारण शहर की सड़क, जल निकासी, सौंदर्यीकरण और सामुदायिक भवनों के निर्माण जैसी आवश्यक नागरिक सुविधाओं से जुड़ी योजनाएं भी प्रभावित हैं.

विकास कार्यों की रफ्तार धीमी होने से स्थानीय जनता में भी आक्रोश है.

विभाग से की गयी है पैसों की डिमांड : नगर आयुक्त

मोतिहारी नगर निगम के नगर आयुक्त आशीष कुमार ने फंड की अनुपलब्धता के कारण कुछ योजनाओं की रफ्तार सुस्त होने की बात स्वीकार की है. उन्होंने बताया कि सम्राट अशोक भवन समेत अन्य लंबित विकास योजनाओं के लिए नगर विकास एवं आवास विभाग को आधिकारिक डिमांड भेजी गयी है.

नगर आयुक्त ने बताया कि मुख्यालय स्तर से सकारात्मक आश्वासन मिला है और उम्मीद है कि बहुत जल्द राशि आवंटित कर दी जाएगी. विभाग से पैसा उपलब्ध होते ही प्रभावित विकास कार्यों को दोबारा तेजी से शुरू कराकर पूरा करने का काम किया जाएगा.

यह भी पढ़ें: 3 साल की गरिमा को न्याय दिलाने सड़क पर उतरा नेपाल, वीरगंज-पथलैया मार्ग चौथे दिन भी बंद


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Amresh kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >