बिजली गई तो बंद हो गया सरकारी दफ्तर! आरटीपीएस केंद्र में घंटों भटक रहे लोग

बंजरिया अंचल कार्यालय स्थित लोक सेवा केंद्र (आरटीपीएस) में बिजली व्यवस्था चरमराने से लोगों को प्रमाण पत्र बनवाने में भारी परेशानी हो रही है. पुराने इनवर्टर और बैटरी के कारण बिजली गुल होते ही कामकाज ठप पड़ जाता है. फंड की कमी के चलते नई व्यवस्था स्थापित नहीं हो पा रही है.

Motihari News: बंजरिया अंचल कार्यालय स्थित लोक सेवा केंद्र (आरटीपीएस) में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. बिजली गुल होते ही कार्यालय का कामकाज ठप हो जाता है, जिससे आय, जाति और आवासीय प्रमाण पत्र बनवाने पहुंचे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. दूर-दराज के गांवों से आने वाले कई लोग घंटों इंतजार के बाद बिना काम कराए लौटने को मजबूर हैं.

Banjariya News: पांच साल पुराने इनवर्टर और बैटरी बने परेशानी की वजह

जानकारी के अनुसार आरटीपीएस केंद्र में लगे इनवर्टर और बैटरी करीब पांच वर्ष पुराने हैं. लंबे समय तक उपयोग के कारण दोनों उपकरण पूरी तरह खराब हो चुके हैं. ऐसे में बिजली आपूर्ति बाधित होते ही कंप्यूटर और ऑनलाइन सेवाएं बंद हो जाती हैं, जिससे सरकारी प्रमाण पत्रों का निर्गमन प्रभावित हो रहा है.

शिकायत के बाद प्रशासन ने लिया संज्ञान

स्थानीय निवासी आशुतोष कुमार ने इस समस्या को लेकर परिवाद (पंजीकरण संख्या-REF-477245) दर्ज कराया है. उनका कहना है कि सरकारी कार्यालय में बुनियादी सुविधाओं का अभाव आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है. उन्होंने जल्द नई बैटरी और इनवर्टर लगाने की मांग की है.

फंड नहीं मिलने से अटकी खरीदारी

अंचलाधिकारी कृष्ण प्रताप सिंह ने बताया कि इस समस्या की जानकारी वरीय अधिकारियों को पहले ही दी जा चुकी है. उन्होंने बताया कि 19 सितंबर 2025 को जिला मुख्यालय से नई बैटरी और इनवर्टर खरीदने के लिए राशि की मांग की गई थी, लेकिन अब तक फंड उपलब्ध नहीं हो सका है. राशि मिलते ही नई व्यवस्था स्थापित कर दी जाएगी.

डिजिटल सेवाओं पर पड़ रहा असर

ग्रामीणों का कहना है कि सरकार डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देने की बात करती है, लेकिन स्थानीय स्तर पर बिजली और तकनीकी संसाधनों की कमी से ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित हो रही हैं. लोगों ने जिला प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान करने की मांग की है.

यह भी पढ़ें: 12वीं पास युवाओं के लिए सुनहरा मौका... मोतिहारी में 20 जुलाई को लगेगा रोजगार मेला, 150 पदों पर होगी भर्ती


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Rajnikhil banjriya

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >