Bihar School: सरकारी स्कूलों में गूंजेंगे लोकगीत, दिखेगा अभिनय का हुनर; जानें पूरी डिटेल

सरकारी और सरकार सहायता प्राप्त विद्यालयों के छात्रों के लिए खुशखबरी है. SCERT, पटना ने राष्ट्रीय जनसंख्या शिक्षा परियोजना के तहत रोल प्ले और लोक नृत्य प्रतियोगिता 2026 आयोजित करने का ऐलान किया है. यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों में जीवन कौशल, नैतिक मूल्यों और रचनात्मकता को बढ़ावा देगी.

मोतिहारी न्यूज: सरकारी और सरकार सहायता प्राप्त विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के लिए अच्छी खबर है. राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT), पटना ने राष्ट्रीय जनसंख्या शिक्षा परियोजना के तहत रोल प्ले और लोक नृत्य प्रतियोगिता 2026 आयोजित करने की घोषणा कर दी है. प्रतियोगिता के लिए SCERT के संयुक्त निदेशक (अकादमिक) डॉ. सुरेंद्र कुमार ने जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार गिरी को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं. प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में जीवन कौशल, नैतिक मूल्यों, सकारात्मक सोच और रचनात्मक प्रतिभा को बढ़ावा देना है.

कौन-कौन विद्यार्थी ले सकेंगे भाग?

रोल प्ले प्रतियोगिता में केवल कक्षा 9वीं के छात्र-छात्राएं भाग ले सकेंगे. वहीं लोक नृत्य प्रतियोगिता में कक्षा 8वीं और 9वीं के विद्यार्थियों को शामिल होने का मौका मिलेगा. कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में कक्षा 8वीं और 9वीं संचालित होने की स्थिति में वहां की छात्राओं को भी प्रतियोगिता में अनिवार्य रूप से शामिल किया जा सकेगा.

तीन स्तरों पर होगी प्रतियोगिता

प्रतियोगिता का आयोजन विद्यालय, जिला और राज्य स्तर पर किया जाएगा. विद्यालय स्तर की प्रतियोगिता 25 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक आयोजित होगी. इसके बाद जिला स्तर पर 5 अक्टूबर से 20 अक्टूबर के बीच प्रतियोगिता होगी. राज्य स्तरीय प्रतियोगिता अक्टूबर महीने में श्रीकृष्ण विज्ञान केंद्र, पटना में आयोजित की जाएगी. इसकी अंतिम तिथि बाद में घोषित की जाएगी.

रोल प्ले में ये होंगे मुख्य विषय

NCERT की ओर से रोल प्ले के लिए कई महत्वपूर्ण सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी विषय निर्धारित किए गए हैं. इनमें स्वस्थ रूप से बढ़ना, मानसिक स्वास्थ्य और भावनात्मक कल्याण, पारस्परिक संबंध, जिम्मेदार नागरिकता, लैंगिक समानता, पोषण एवं स्वच्छता, मादक पदार्थों के सेवन की रोकथाम, इंटरनेट और मीडिया का सुरक्षित इस्तेमाल, प्रजनन स्वास्थ्य और एचआईवी रोकथाम जैसे विषय शामिल हैं.

लोक नृत्य में भी इन्हीं विषयों को आधार बनाया जाएगा. इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण, मना करना, कम करना, पुन: उपयोग और पुनर्चक्रण यानी 4Rs को भी प्रस्तुति का विषय बनाया जा सकता है.

टीम और प्रस्तुति के लिए क्या हैं नियम?

रोल प्ले टीम में 4 से 5 प्रतिभागी होंगे और प्रस्तुति के लिए 5 से 6 मिनट मिलेंगे. इसमें विशेष वेशभूषा, पोस्टर, बैनर या प्रॉप्स के इस्तेमाल की अनुमति नहीं होगी. लोक नृत्य टीम में 4 से 6 विद्यार्थी होंगे और प्रस्तुति की अवधि 5 से 6 मिनट होगी. इसमें पारंपरिक वेशभूषा, श्रृंगार और लोक वाद्ययंत्रों का इस्तेमाल किया जा सकेगा.

टीम में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों (CWSN/दिव्यांग) को शामिल करने का विशेष प्रयास किया जाएगा. छात्र-छात्राओं की मिश्रित टीम होने पर एक पुरुष और एक महिला शिक्षक का एस्कॉर्ट के रूप में साथ जाना अनिवार्य होगा.

100 अंकों पर होगा मूल्यांकन

प्रतियोगिता में स्वास्थ्य, शिक्षा और प्रदर्शन कला के विशेषज्ञ निर्णायक की भूमिका निभाएंगे. मूल्यांकन 100 अंकों का होगा. इसमें विषयवस्तु के 25, प्रस्तुति के 25, जीवन कौशल के प्रदर्शन के 30, निर्णायकों के सवालों के जवाब के 10 और विषय के सार-संक्षेप के 10 अंक निर्धारित किए गए हैं.

नहीं मिलेगा नकद पुरस्कार

प्रतियोगिता के किसी भी स्तर पर नकद पुरस्कार नहीं दिया जाएगा. विद्यालय स्तर पर स्कूल अपनी ओर से प्रमाण-पत्र दे सकते हैं. जिला और राज्य स्तर पर मेधा प्रमाण-पत्र, सहभागिता प्रमाण-पत्र और स्मृति चिह्न दिए जाएंगे. कम चुने जाने वाले विषयों पर बेहतरीन प्रस्तुति देने वाली तीन सर्वश्रेष्ठ टीमों को विशेष प्रशंसा प्रमाण-पत्र और स्मृति चिह्न भी मिलेगा.

ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन जरूरी

प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमों का विद्यालय स्तर पर ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से एक बार पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा. प्रत्येक स्तर की प्रतियोगिता के बाद विजेता टीम की विस्तृत रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड होने के बाद ही उसे अगले स्तर के लिए नामांकित किया जा सकेगा. स्कूलों को निर्धारित समय के भीतर पंजीकरण और प्रतियोगिता की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया है.

यह भी पढे़ं: Sawan Somwari: 55 की उम्र में भी नहीं थमा जुनून, 17 घंटे में देवघर पहुंचकर जलाभिषेक करते हैं नंदीबम


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अमृतेश कुमार

अमृतेश 15 वर्षों से प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. खबर पर हमेशा पैनी नजर रखने वाले अमृतेश को क्षेत्रीय और जमीनी स्तर की रिपोर्टिंग का लंबा अनुभव है. वर्तमान में ये डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में अपनी लेखनी के जरिए लगातार सक्रिय हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >