नाबालिग छात्रा नेपाल से सकुशल बरामद, ढाई माह बाद वीरगंज में हुआ रेस्क्यू

Raxaul Rescue Operation: मोतिहारी की नाबालिग छात्रा को ढाई माह बाद नेपाल के वीरगंज से बंधक अवस्था में सकुशल बरामद किया गया है. मोबाइल से पिता को सूचना देने के बाद नेपाल पुलिस, बिहार पुलिस और सामाजिक संस्थाओं के संयुक्त अभियान में छात्रा को मुक्त कराया गया. मुख्य आरोपी सहित कई आरोपियों की तलाश जारी है.

रक्सौल से मनोज कुमार गुप्ता की रिपोर्ट

Raxaul Rescue Operation: भारत-नेपाल सीमा से सटे नेपाल के पर्सा जिले में नेपाल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मोतिहारी की एक नाबालिग छात्रा को बंधक अवस्था से सकुशल बरामद किया है. छात्रा को करीब ढाई माह पहले स्कूल से अगवा कर नेपाल ले जाया गया था. विभिन्न स्थानों पर रखने के बाद उसे वीरगंज महानगरपालिका-24 के रामगढ़वा (रानीघाट) क्षेत्र में बंधक बनाकर रखा गया था. मामले का मुख्य आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है.

रेस्क्यू अभियान के बाद सुरक्षित बरामद नाबालिग छात्रा

स्कूल से अगवा कर नेपाल ले जाने का आरोप

नेपाल पुलिस के अनुसार मोतिहारी जिले की रहने वाली लगभग 15 वर्षीय छात्रा (काल्पनिक नाम अमृता कुमारी) का 2 अप्रैल को स्कूल से कथित रूप से अपहरण कर लिया गया था. आरोप है कि मोतिहारी जिले के केसरिया निवासी चंदन कुमार उसे बहला-फुसलाकर नेपाल ले गया. पहले उसे जनकपुर में रखा गया, फिर कई स्थानों पर ले जाने के बाद वीरगंज के रानीघाट स्थित एक मकान में कैद कर दिया गया.

मोबाइल से पिता को दी सूचना, चला रेस्क्यू अभियान

बंधक बनी छात्रा ने किसी तरह मोबाइल फोन के जरिए अपने पिता से संपर्क कर पूरी घटना की जानकारी दी. इसके बाद परिजनों ने सामाजिक संस्था स्वच्छ रक्सौल, बिहार पुलिस, नेपाल की संस्था आफन्त नेपाल तथा स्थानीय लोगों की मदद से रानीघाट पुलिस चौकी को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस सहायक निरीक्षक रामकुमार थिङ के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी कर छात्रा को सुरक्षित मुक्त करा लिया.

कानूनी प्रक्रिया के बाद संरक्षण केंद्र भेजी गई छात्रा

नेपाल पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पीड़िता को संरक्षण एवं परामर्श के लिए आफन्त नेपाल संस्था के सुपुर्द कर दिया. छात्रा फिलहाल सुरक्षित है और उसके परिजनों से संपर्क की प्रक्रिया जारी है.

कई आरोपियों की तलाश जारी

नेपाल पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी चंदन कुमार के अलावा वेद प्रकाश, रागिनी कुमारी, आस कुमार और दीपक कुमार की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है. गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ अपहरण, मानव तस्करी, बंधक बनाने समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई की जाएगी.

नशीले इंजेक्शन और पेय पदार्थ देने का आरोप

स्वच्छ रक्सौल संस्था के रंजीत सिंह ने बताया कि पीड़िता के परिजनों के अनुसार बंधक बनाकर रखने के दौरान छात्रा को नशीले पेय पदार्थ पिलाए जाते थे और नशे के इंजेक्शन भी लगाए जाते थे, ताकि वह विरोध न कर सके. पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है.

सीमा सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

इस घटना ने भारत-नेपाल सीमा पर मानव तस्करी और नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पीड़िता के परिवार ने नेपाल पुलिस, बिहार पुलिस, आफन्त नेपाल, स्वच्छ रक्सौल संस्था तथा रेस्क्यू अभियान में शामिल सभी अधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की.

यह भी पढ़ें: स्कूली बच्चों को लेकर जा रही वैन पलटी,कई छात्र घायल और चालक मौके से फरार 

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >