Motihari News: मोतिहारी में सदर एसडीओ अरुण कुमार से पोस्टिंग के नाम पर 25 लाख रुपये की कथित रंगदारी मांगने के मामले में जांच लगातार आगे बढ़ रही है. इस मामले में गिरफ्तार आरोपी राजन जायसवाल से साइबर थाना पुलिस पांच दिनों के रिमांड पर पूछताछ कर रही है.
पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर एसटीएफ और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने सीवान जिले के मैरवा स्थित उसके आवास पर छापेमारी की.
छापेमारी में कई वाहन मिले
पुलिस ने छापेमारी के दौरान राजन जायसवाल के घर से कई दोपहिया और चारपहिया वाहन बरामद किए.
शुरुआती जांच में कुछ वाहनों पर एक जैसे नंबर होने की बात सामने आई है. इसके बाद सभी वाहनों को जांच के दायरे में लेते हुए उनके दस्तावेजों की पड़ताल शुरू कर दी गई है.
खरीद के स्रोत की हो रही जांच
जांच एजेंसियां यह पता लगा रही हैं कि वाहनों की खरीद के लिए इस्तेमाल की गई राशि कहां से आई और भुगतान किस माध्यम से किया गया.
साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इन वाहनों की खरीद में किसी अवैध नेटवर्क की भूमिका तो नहीं रही.
संपर्कों और नेटवर्क की भी पड़ताल
पुलिस राजन जायसवाल के संपर्कों, उसकी गतिविधियों, घर पर आने-जाने वाले लोगों और स्थानीय नेटवर्क की भी गहन जांच कर रही है.
अधिकारियों का मानना है कि रिमांड के दौरान पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं. इन्हीं तथ्यों के आधार पर कथित रंगदारी मामले और उससे जुड़े संभावित नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है.
फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और मामले में आगे भी नई जानकारियां सामने आने की संभावना जताई जा रही है.
