Raxaul News: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के लिए नगर परिषद रक्सौल ने गुरुवार को लक्ष्मीपुर स्थित कैम्ब्रिज पब्लिक स्कूल में निबंध लेखन, चित्रकला और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया. कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
नगर विकास एवं आवास विभाग के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी समाज तक पहुंचाना था.
छात्रों ने दिखाई रचनात्मकता
प्रतियोगिता के दौरान छात्रों ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की थीम पर आकर्षक चित्र बनाए.
निबंध लेखन में विद्यार्थियों ने योजना के उद्देश्य, गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने तथा शहरी क्षेत्रों में आवास सुविधा के महत्व पर अपने विचार रखे. वहीं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में बच्चों ने योजना से जुड़ी अपनी जानकारी का प्रदर्शन किया.
नगर परिषद ने कराया आयोजन
नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार के निर्देश पर नगर प्रबंधक अविनाश कुमार, एमआईएस एक्सपर्ट ई. सोनू कुमार और दिपेश नायक ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक देवेश कुमार पांडेय एवं शिक्षकों के सहयोग से कार्यक्रम का आयोजन कराया.
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और रचनात्मक माहौल देखने को मिला.
सरकारी योजनाओं की जानकारी समाज तक पहुंचाने पर जोर
कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी समाज के प्रत्येक वर्ग तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जा सकती है.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सम्मानजनक पक्का आवास उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण योजना है. ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों में जागरूकता, रचनात्मकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करती हैं.
25 जुलाई को होंगे सम्मानित
नगर परिषद के अनुसार प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को 25 जुलाई को सम्मानित किया जाएगा.
इस अवसर पर सर्वेश कुमार पांडेय, डॉ. शशि रंजन सिंह, सीएन त्रिपाठी सहित विद्यालय के शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे.
