Panchayat Development Day: पंचायत विकास दिवस पर विशेष ग्राम सभा, अधिकारियों ने किया मुखिया के कार्यों की सराहना

Panchayat Development Day: बंजरिया की सिसवा पूर्वी पंचायत में पंचायत विकास दिवस पर विशेष ग्राम सभा हुई. इसमें डीडीसी और एडीएम ने शिरकत कर सरकारी योजनाओं की समीक्षा की और मुखिया तान्या प्रवीण के विकास कार्यों की सराहना की. जानिए पूरी खबर…

मोतिहारी बंजरिया से राज निखिल की रिपोर्ट

Panchayat Development Day: बंजरिया प्रखंड की सिसवा पूर्वी पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन परिसर में पंचायत विकास दिवस के अवसर पर एक विशेष ग्राम सभा का भव्य और सफल आयोजन किया गया.इस विशेष कार्यक्रम में मुख्य रूप से डीडीसी डॉ. प्रदीप कुमार, एडीएम सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार भारती व जिला पंचायती राज पदाधिकारी राम जनम पासवान शामिल हुए.पंचायत की मुखिया तान्या प्रवीण ने सभी आगंतुक अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया.

अंतिम व्यक्ति तक योजनाएं पहुंचाना मुख्य उद्देश्य

इस अवसर पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए डीडीसी डॉ. प्रदीप कुमार ने कहा कि पंचायत विकास दिवस का मुख्य उद्देश्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है.उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे पंचायत के विकास कार्यों में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं.वहीं एडीएम शैलेंद्र कुमार भारती ने लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम के बारे में विस्तार से जानकारी दी और कहा कि सरकार पारदर्शी व जवाबदेह शासन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

महिला सशक्तिकरण और स्वच्छता पर गहन चर्चा

जिला पंचायती राज पदाधिकारी राम जनम पासवान ने पंचायत स्तर पर उपलब्ध संसाधनों के सही उपयोग और ग्रामीण विकास की योजनाओं के धरातलीय क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया.इस दौरान ग्राम सभा में महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और आजीविका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा हुई.विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन कर ग्रामीणों को उपयोगी योजनाओं की जानकारी दी गई.मुखिया तान्या प्रवीण ने पंचायत के विजन को साझा करते हुए कहा कि हमारा संकल्प हर घर तक विकास की रोशनी पहुंचाना और हर महिला को आत्मनिर्भर बनाना है.

जीविका दीदियों और आशा कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी

अधिकारियों ने सिसवा पूर्वी पंचायत में मुखिया द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों और उनकी सोच की सराहना की.इस कार्यक्रम में जीविका दीदियों, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने भाग लिया.मौके पर पूर्व प्रमुख जफीर आजाद चमन, फैजूर रहमान मुन्ना, कार्यपालक सहायक रौनिश प्रवीण और सिकंदर यादव सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे.

यह भी पढ़ें: संत कबीर का चंपारण से था गहरा लगाव, यहां मौजूद है देश का आठवां ऐतिहासिक कबीर स्तंभ

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >