छौड़ादानो में नवविवाहिता की हत्या का आरोप, श्मशान से बरामद हुए शव के अवशेष

जीतपुर गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद शव को श्मशान घाट पर जलाने की कोशिश का मामला सामने आया है. पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद से जलती चिता से अवशेष बरामद किए हैं. मामले में मृतका के ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप है.

Motihari News: छौड़ादानो थाना क्षेत्र के जीतपुर गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने शनिवार सुबह श्मशान घाट से कथित रूप से जलाए जा रहे शव के अवशेष बरामद किए. अवशेषों को फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) जांच के लिए भेज दिया गया है. मामले में मृतका के ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया जा रहा है.

डॉग स्क्वायड की मदद से श्मशान पहुंची पुलिस

पुलिस के अनुसार मृतका जीतपुर गांव निवासी राजकिशोर चौधरी की पत्नी और कृष्णा चौधरी की बहू थी. उसका मायका शिवहर जिले के एक गांव में है. करीब छह माह पहले दोनों की शादी छौड़ादानो थाना क्षेत्र के कठनौतिया स्थित महादेव मंदिर में हुई थी.

थानाध्यक्ष प्रभात कुमार ने बताया कि शनिवार तड़के चौकीदार से सूचना मिली कि शुक्रवार रात एक नवविवाहिता की कथित हत्या के बाद शव को जलाया जा रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद ली. डॉग स्क्वायड घटनास्थल से श्मशान घाट तक पहुंचा, जहां चिता जल रही थी.

अवशेष जब्त, ससुराल पक्ष फरार

पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही मौके पर मौजूद लोग फरार हो गए. इसके बाद पुलिस ने चिता की आग बुझाकर शव के अवशेष के रूप में हड्डियां बरामद कीं और उन्हें एफएसएल जांच के लिए भेज दिया.

थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका के ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर फरार हैं. अभी तक इस मामले में किसी की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है.

एफएसएल रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई

पुलिस का कहना है कि फोरेंसिक जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >