छह दिन से नहीं जला चूल्हा, दरवाजे पर टकटकी लगाए परिवार, नेपाल में लापता तीन युवकों की तलाश जारी

नेपाल में त्रासदी के बीच, जगीराहां के तीन युवक रामबाबू साह, प्रमोद साह और मुनिल साह 26 अगस्त से लापता हैं. छह दिनों से उनके परिवार सदमे में हैं और घर के दरवाजे पर टकटकी लगाए उनकी वापसी का इंतजार कर रहे हैं. परिजन काठमांडू पहुंच कर युवकों की तलाश में जुटे हैं.

Motihari News: केसरिया. नेपाल में आई त्रासदी के बीच जगीराहां के तीन युवक रामबाबू साह, प्रमोद साह और मुनिल साह के लापता होने से उनके परिवारों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है. 26 अगस्त के बाद तीनों से संपर्क टूट गया है. छह दिनों से परिजन किसी सूचना और उनके सकुशल लौटने की उम्मीद में टकटकी लगाए बैठे हैं. परिवारों के अनुसार, बच्चों की नजरें अब भी घर के दरवाजे पर टिकी हैं.

छह दिनों से तीनों युवकों का कोई पता नहीं

जगीराहां के रामबाबू साह, प्रमोद साह और मुनिल साह से 26 अगस्त के बाद संपर्क नहीं हो पाया है. संपर्क टूटने के बाद से परिवार के लोग लगातार उनकी जानकारी मिलने का इंतजार कर रहे हैं. तीनों के घरों में चिंता और बेचैनी का माहौल है.

पत्नियां कर रहीं पति की वापसी का इंतजार

मुनिल साह की पत्नी किरण देवी, रामबाबू साह की पत्नी रीता देवी और प्रमोद साह की पत्नी वीणा देवी अपने-अपने पति की वापसी की राह देख रही हैं. परिवार के लोगों को अब भी उम्मीद है कि तीनों युवक सुरक्षित होंगे और जल्द घर लौटेंगे.

दो बेटों के सहारे चलता है परिवार का खर्च

प्रमोद और मुनिल के पिता कृष्णा प्रसाद साह ने बताया कि परिवार का खर्च दोनों बेटों की कमाई से चलता है. बेटों के लापता होने के बाद परिवार के सामने चिंता के साथ आर्थिक परेशानी भी बढ़ गई है. परिजन लगातार उनकी जानकारी मिलने की आस लगाए हुए हैं.

सीएचसी की टीम ने परिजनों की जांच की

परिजनों की लगातार चिंता और तनाव को देखते हुए रविवार शाम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मेडिकल टीम जगीराहां पहुंची. डॉ. संजू, सीएचओ उज्ज्वल और विष्णु कुमार ने परिवार के सदस्यों के स्वास्थ्य की जांच की.

टीम ने बीपी समेत अन्य स्वास्थ्य जांच की और जरूरत के अनुसार ओआरएस एवं दवाएं उपलब्ध कराईं.

तीनों की तलाश में काठमांडू पहुंचे परिजन

रामबाबू के बड़े भाई वीरेंद्र प्रसाद, लालबहादुर साह और शिवसागर साह 29 अगस्त को काठमांडू पहुंचे. उन्होंने एंड्रीट्ज हाइड्रो कंपनी के कार्यालय पहुंचकर तीनों युवकों के संबंध में जानकारी ली.

परिजन फिलहाल येलो बोगोटा होटल में ठहरे हुए हैं और राहत-बचाव टीम तथा कंपनी के अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं.

रसुवा क्षेत्र में भी तलाश जारी

परिजन और संबंधित लोग रसुवा क्षेत्र में भी तीनों युवकों के संबंध में उपलब्ध जानकारी जुटा रहे हैं. राहत-बचाव टीम और कंपनी के अधिकारियों से संपर्क बनाए रखते हुए युवकों की स्थिति का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.

परिजनों का कहना है कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि रामबाबू, प्रमोद और मुनिल सकुशल होंगे और जल्द अपने परिवार के बीच लौटेंगे.

यह भी पढ़ें: जिसके सानिध्य में इंसानियत जाग उठती थी, उस डॉक्टर को खोकर मोतिहारी चिकित्सा जगत हुआ मर्माहत

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अमृतेश कुमार

अमृतेश 15 वर्षों से प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. खबर पर हमेशा पैनी नजर रखने वाले अमृतेश को क्षेत्रीय और जमीनी स्तर की रिपोर्टिंग का लंबा अनुभव है. वर्तमान में ये डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में अपनी लेखनी के जरिए लगातार सक्रिय हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >