Motihari Road Accident: पूर्वी चंपारण के चकिया थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया. मुजफ्फरपुर से मोतिहारी जा रही मुर्गी लदी पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली के खंभे से टकरा गई. हादसा इतना भयावह था कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और चालक की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, वाहन में सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
चालक को आई झपकी, पलभर में उजड़ गया घर
जानकारी के अनुसार, मुर्गी लदी पिकअप गुरुवार की सुबह मुजफ्फरपुर से मोतिहारी की ओर जा रही थी. जैसे ही वाहन चकिया थाना क्षेत्र के दामोदरपुर रेलवे गुमटी के पश्चिमी छोर के पास पहुंचा, चालक को नींद की झपकी आ गई. तेज रफ्तार में चल रही गाड़ी पर उसका नियंत्रण खत्म हो गया और पिकअप सीधे बिजली के खंभे से जा टकराई.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें बुरी तरह फंस गया.
मौके पर हुई चालक की मौत
हादसे में शंकर सरैया निवासी अरविंद कुमार (पिता-बच्चन यादव) की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, लक्ष्मीपुर निवासी 22 वर्षीय वसीम और मलाही थाना क्षेत्र के रहने वाले मुन्ना आलम गंभीर रूप से घायल हो गए.
स्थानीय लोगों ने बताया कि टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े.
11 हजार वोल्ट लाइन से टकराने के कारण बढ़ा खतरा
हादसे के बाद स्थिति और भी गंभीर हो गई, क्योंकि पिकअप हाईटेंशन बिजली के खंभे से टकराई थी. आशंका थी कि बिजली के तार टूटकर वाहन पर गिर सकते हैं और बड़ा हादसा हो सकता है.
सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम और चकिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने तत्काल विद्युत विभाग को सूचना देकर इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कराई. इसके बाद घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया.
अस्पताल में चल रहा इलाज
दोनों घायलों को चकिया अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है. चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है और इलाज जारी है.
जांच में जुटी पुलिस
चकिया थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक को आई झपकी माना जा रहा है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
मोतिहारी से सुजीत पाठक की रिपोर्ट
