मोतिहारी: एससी-एसटी मामलों की समीक्षा, 49 पीड़ितों को मुआवजा राशि स्वीकृत

Motihari News: एससी-एसटी अत्याचार मामलों की समीक्षा बैठक में 49 पीड़ितों को मुआवजा देने की मंजूरी मिली. अधिकारियों को 60 दिनों में चार्जशीट दाखिल करने का निर्देश दिया गया. एक हत्या मामले में मृतक की पत्नी को अनुकंपा पर नौकरी भी दी गई. पढे़ं पूरी खबर…

मोतिहारी से सच्चिदानंद सत्यार्थी की रिपोर्ट

Motihari News: मोतिहारी में अनुसूचित जाति एवं जनजाति से जुड़े मामलों की समीक्षा को लेकर जिला स्तरीय सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की अहम बैठक आयोजित की गई. बैठक में पीड़ितों को मुआवजा, लंबित मामलों के निष्पादन और अनुकंपा पर नौकरी जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई. अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि एससी-एसटी अत्याचार मामलों में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

49 मामलों में मुआवजा राशि को मिली मंजूरी

डॉ. राधाकृष्ण भवन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता अपर समाहर्ता (लोक शिकायत) ने की. इस दौरान जिला कल्याण पदाधिकारी, डीएसपी मुख्यालय, विभिन्न थानों के थानाध्यक्ष और अन्य अधिकारी मौजूद रहे. बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत 49 मामलों में पीड़ितों को पहली किस्त के रूप में मुआवजा भुगतान की स्वीकृति दी गई. इसके लिए विभाग की ओर से 95 लाख रुपये उपलब्ध कराए गए हैं.

हत्या मामले में आश्रित को मिली नौकरी

बैठक में पूर्वी चंपारण के एक हत्या मामले में मृतक की पत्नी रागिनी कुमारी को अनुकंपा के आधार पर परिचारी पद पर नियुक्ति दिए जाने की जानकारी भी साझा की गई. अधिकारियों ने इसे पीड़ित परिवार को राहत देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया.

60 दिनों के भीतर चार्जशीट दाखिल करने का निर्देश

सभी थानाध्यक्षों और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि एससी-एसटी एक्ट से जुड़े मामलों में 60 दिनों के भीतर आरोप पत्र दाखिल करना सुनिश्चित करें. साथ ही लंबित मामलों का जल्द निष्पादन करने पर भी जोर दिया गया.

52 आश्रितों को मिल रही पेंशन

बैठक में यह जानकारी भी दी गई कि जिले के 52 मामलों में मृतकों के आश्रितों को हर महीने पेंशन राशि का भुगतान किया जा रहा है. अधिकारियों को यह भी कहा गया कि मामलों की गंभीरता और वास्तविक स्थिति के अनुसार ही धाराएं लगाई जाएं. गलत धाराएं लगाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >