Motihari News: मोतिहारी जिले से नीट (NEET) एडमिशन फर्जीवाड़े का एक बड़ा मामला सामने आया है. पुलिस ने इस गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आरजेडी (RJD) नेता संतोष जायसवाल और एक डॉक्टर सहित कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया है. इस खुलासे के बाद से शिक्षा जगत और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है.
20 लाख रुपये में मेडिकल सीट की डील
पुलिस जांच में पता चला है कि यह गिरोह मेडिकल कॉलेजों में नामांकन कराने की गारंटी देकर अभ्यर्थियों और उनके परिजनों से मोटी रकम वसूलता था. जानकारी के अनुसार, घोड़ासहन निवासी संतोष जायसवाल इस पूरे नेटवर्क का अहम हिस्सा बताया जा रहा है. प्रति छात्र लगभग 20 लाख रुपये तक की डील की जाती थी. पुलिस अब उन छात्रों और अभिभावकों की भी सूची तैयार कर रही है, जो इस गिरोह के झांसे में आए थे.
कई जिलों तक फैला है गिरोह का नेटवर्क
गिरफ्तार आरोपियों से की गई शुरुआती पूछताछ में यह स्पष्ट हुआ है कि इस फर्जीवाड़े का जाल मोतिहारी के अलावा बिहार के कई अन्य जिलों तक फैला हुआ है. पुलिस ने मौके से कई मोबाइल फोन, संदिग्ध दस्तावेज और बैंक लेनदेन से जुड़े साक्ष्य बरामद किए हैं.पुलिस प्रशासन का कहना है कि जब्त किए गए दस्तावेजों की गहनता से जांच की जा रही है. इस मामले में कुछ और सफेदपोशों और शिक्षा माफियाओं की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस रैकेट से जुड़े कई और बड़े नामों का खुलासा हो सकता है.
मोतिहारी से अमरेश वर्मा की रिपोर्ट
