Motihari News: पूर्वी चंपारण जिले के ढाका थाना क्षेत्र अंतर्गत बरेवा गांव में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है. सिकरहना डीएसपी उदय कुमार के नेतृत्व में पुलिस और एसटीएफ की टीम ने एक अंतरराज्यीय आर्म्स सप्लायर के घर छापेमारी कर भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद किए हैं. एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर गठित विशेष टीम की इस त्वरित कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया है.
खुर्शीद आलम के घर से मिले आधुनिक हथियार
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बरेवा गांव निवासी खुर्शीद आलम अपने घर में अवैध आधुनिक हथियारों का जखीरा छिपाए हुए है. सूचना के सत्यापन के बाद जब टीम ने खुर्शीद के घर पर धावा बोला, तो वहां से दो आधुनिक पिस्टल, दो मैगजीन, चार जिंदा कारतूस, एक देसी बंदूक और 12 बोर का एक कारतूस बरामद हुआ. इसके अलावा पुलिस ने तीन हजार नेपाली रुपये भी जब्त किए हैं.
दो महिला आरोपी गिरफ्तार, सरगना की तलाश जारी
डीएसपी उदय कुमार ने बताया कि छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पूछताछ में पता चला है कि खुर्शीद आलम एक बड़ा अंतरराज्यीय आर्म्स सप्लायर है, जो अवैध हथियारों की तस्करी में संलिप्त है. इस अभियान में ढाका थानाध्यक्ष रामरूप राय, इंस्पेक्टर धनंजय कुमार निर्घोष और पटना एसटीएफ के मध्रुरेन्द्र कुमार समेत भारी संख्या में पुलिस बल शामिल था. पुलिस ने कांड दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
मोतिहारी से सचिदानंद सत्यार्थी का रिपोर्ट
