मोतिहारी से सामंत कुमार गौतम की रिपोर्ट
Motihari News: पूर्वी चंपारण के खेल प्रेमियों और युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. जिले के गोपी छपरा गांव में बिहार सरकार पहला मॉडल इंडोर एवं आउटडोर स्टेडियम बनाने जा रही है. लगभग 3.29 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से तैयार होने वाला यह आधुनिक खेल परिसर ग्रामीण इलाकों की तस्वीर बदल देगा. इस स्टेडियम के निर्माण से न केवल गांव की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय प्रतिभाओं को अब अपनी कला निखारने के लिए शहर जाने की मजबूरी नहीं रहेगी.
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा परिसर
इस मॉडल स्टेडियम को बहुउद्देशीय बनाया जा रहा है. यहाँ बैडमिंटन, कबड्डी, फुटबॉल, खो-खो और वॉलीबॉल जैसे लोकप्रिय खेलों के लिए विश्वस्तरीय कोर्ट और मैदान विकसित किए जाएंगे. सरकार की इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को शहरों जैसी हाई-टेक सुविधाएं उपलब्ध कराना है. उल्लेखनीय है कि गोपी छपरा गांव मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह का पैतृक निवास है, जहाँ लगातार हो रहे विकास कार्यों से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है.
ग्रामीणों ने जताई खुशी
स्थानीय ग्रामीण उमाकांत सिंह, राजीव कुमार और संजीव कुमार ने सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है. ग्रामीणों का कहना है कि जिले का पहला मॉडल स्टेडियम उनके गांव में बनना गौरव की बात है. इससे युवाओं को खेल के क्षेत्र में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का मौका मिलेगा. स्टेडियम का निर्माण कार्य जल्द ही शुरू होने की उम्मीद है, जिससे पूरे क्षेत्र के खेल परिदृश्य में क्रांतिकारी बदलाव आएगा.
