मोतिहारी से सच्चिदानंद सत्यार्थी की रिपोर्ट
Motihari News: मोतिहारी जिले में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. जितना थाना क्षेत्र में पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त कार्रवाई में भारी मात्रा में नेपाली शराब बरामद की गई है. इस दौरान तीन कथित तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे वाहन भी जब्त कर लिए गए हैं. कार्रवाई के बाद इलाके में शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है.
गुप्त सूचना पर हुई संयुक्त छापेमारी
पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में अवैध शराब की खेप पहुंचाई जा रही है. इसके बाद जितना थाना पुलिस और एसएसबी की टीम ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया. अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया गया, जिसके दौरान तस्करों को रंगे हाथ पकड़ लिया गया.
419 लीटर से अधिक शराब बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने कुल 419.7 लीटर नेपाली शराब बरामद की. जब्त शराब में 414 लीटर नेपाली कस्तूरी ब्रांड और 5.7 लीटर नेपाली एंबीशन शराब शामिल है. इसके अलावा तस्करी में उपयोग की जा रही एक बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल और दो साइकिलों को भी जब्त किया गया.
तीन तस्कर गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान सुरेश प्रसाद, सुमन कुमार यादव और धर्मदेव ठाकुर को गिरफ्तार किया है. तीनों से पूछताछ की जा रही है ताकि शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके. पुलिस का मानना है कि इस नेटवर्क से जुड़े और भी लोगों के नाम सामने आ सकते हैं.
आगे भी जारी रहेगा अभियान
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा.
