Motihari News: बंजरिया प्रखण्ड के छात्र-छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा की राह अब आसान हो गई है. क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को सरकार ने पूरा करते हुए राजकीय डिग्री महाविद्यालय, बंजरिया की स्थापना कर दी है. इसके सुचारू संचालन के लिए प्रो. प्रेमानंद को नया प्रभारी प्राचार्य नियुक्त किया गया है, जिससे स्थानीय शैक्षणिक गलियारों में खुशी की लहर है.
समाधान यात्रा की मांग लाई रंग
इस कॉलेज की नींव वर्ष 2024 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘समाधान यात्रा’ के दौरान रखी गई थी. तत्कालीन प्रखण्ड प्रमुख जाकिर आजाद चमन और भाजपा नेता अवध पटेल ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर इसकी आवश्यकता जताई थी. भाजपा जिला उपाध्यक्ष अवध पटेल ने इसे क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक क्षण बताया है.
अस्थाई भवन से शुरू होगा संचालन
शिक्षा विभाग ने फिलहाल कुकुरजरी स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय को अस्थाई संचालन के लिए चुना है. यहीं से कॉलेज की कक्षाएं और प्रशासनिक कार्य संचालित होंगे. इससे गरीब और मेधावी छात्र-छात्राओं को अब उच्च शिक्षा के लिए बड़े शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा. स्थानीय लोगों का मानना है कि इस पहल से बंजरिया की साक्षरता दर और उच्च शिक्षा के स्तर में व्यापक सुधार होगा.
मोतिहारी के बंजरिया से राज निखिल की रिपोर्ट
