मोतिहारी से सामंत कुमार गौतम की रिपोर्ट
Motihari News: पूर्वी चम्पारण जिले के मोतिहारी प्रखंड स्थित राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, भरहुलिया लक्ष्मीपुर में नामांकन के नाम पर अवैध वसूली का गंभीर मामला सामने आया है. विद्यालय की प्रधानाध्यापिका पर नए बच्चों के एडमिशन के लिए अभिभावकों से 500 रुपये मांगने का आरोप लगा है. इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, हालांकि ‘प्रभात खबर’ इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है.
मिन्नतें करने के बाद लिए 100 रुपये
बताया जाता है कि विद्यालय में नामांकन कराने पहुंचे एक गरीब अभिभावक से प्रधानाध्यापिका द्वारा रुपयों की मांग की गई. अभिभावक द्वारा असमर्थता जताने और काफी मिन्नतें करने के बाद 100 रुपये दिए गए, जिसे प्रधानाध्यापिका द्वारा अपने पर्स में रख लिया गया. वायरल वीडियो में यह पूरा वाकया स्पष्ट दिखाई देने का दावा किया जा रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि सरकार द्वारा नामांकन पूरी तरह निशुल्क घोषित होने के बावजूद यहाँ खुलेआम वसूली हो रही है.
स्कूल में बाहरी व्यक्ति की मौजूदगी पर भी उठे सवाल
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि विद्यालय परिसर में नियमों के विरुद्ध प्रधानाध्यापिका के पति भी मौजूद थे. इस घटना के सामने आने के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों में गहरा आक्रोश है. स्थानीय लोगों ने जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी प्रधानाध्यापिका के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.
