Motihari News: शहर के व्यस्ततम बैंक रोड स्थित एक कपड़े के शोरूम पर हुई फायरिंग की घटना के बाद पुलिस एक्शन मोड में है. सोमवार को हुई इस दुस्साहसिक वारदात को लेकर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है. फिलहाल पुलिस इन युवकों से कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि मुख्य अपराधियों तक पहुँचा जा सके.
शोरूम के बोर्ड पर लगी गोली, सीसीटीवी से पहचान की कोशिश
छतौनी थाना अंतर्गत को-ऑपरेटिव बैंक के पास स्थित इस शोरूम के सामने बाइक सवार दो बदमाशों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी थी. गोली शोरूम के ऊपर लगे बोर्ड पर जा लगी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई. वारदात के बाद अपराधी आराम से फरार हो गए. पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि बाइक सवार बदमाशों की शिनाख्त की जा सके.
बिना लिखित शिकायत के भी पुलिस की सक्रियता
हैरानी की बात यह है कि देर रात तक शोरूम संचालक की ओर से थाने में कोई औपचारिक आवेदन नहीं दिया गया था. इसके बावजूद पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए अपने स्तर से जांच में जुटी है. इंस्पेक्टर मृत्युंजय कुमार पासवान ने बताया कि घटना स्थल का मुआयना किया गया है, जहाँ बोर्ड पर गोली के निशान पाए गए हैं.
दहशत फैलाने की कोशिश
अति व्यस्त इलाके में दोपहर के समय हुई इस फायरिंग से स्पष्ट है कि बदमाशों का उद्देश्य दहशत फैलाना था. पुलिस का मानना है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. इस घटना के बाद से शहर के व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता देखी जा रही है, जिसे देखते हुए बैंक रोड और आसपास के क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई है.
मोतिहारी से अमरेश वर्मा की रिपोर्ट
