Motihari News: शोरूम पर फायरिंग मामले में  पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू

Motihari News: बैंक रोड स्थित शोरूम पर हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश जारी है, हालांकि संचालक ने अब तक आवेदन नहीं दिया है. पढ़ें पूरी खबर…

Motihari News: शहर के व्यस्ततम बैंक रोड स्थित एक कपड़े के शोरूम पर हुई फायरिंग की घटना के बाद पुलिस एक्शन मोड में है. सोमवार को हुई इस दुस्साहसिक वारदात को लेकर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है. फिलहाल पुलिस इन युवकों से कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि मुख्य अपराधियों तक पहुँचा जा सके.

शोरूम के बोर्ड पर लगी गोली, सीसीटीवी से पहचान की कोशिश

छतौनी थाना अंतर्गत को-ऑपरेटिव बैंक के पास स्थित इस शोरूम के सामने बाइक सवार दो बदमाशों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी थी. गोली शोरूम के ऊपर लगे बोर्ड पर जा लगी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई. वारदात के बाद अपराधी आराम से फरार हो गए. पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि बाइक सवार बदमाशों की शिनाख्त की जा सके.

बिना लिखित शिकायत के भी पुलिस की सक्रियता

हैरानी की बात यह है कि देर रात तक शोरूम संचालक की ओर से थाने में कोई औपचारिक आवेदन नहीं दिया गया था. इसके बावजूद पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए अपने स्तर से जांच में जुटी है. इंस्पेक्टर मृत्युंजय कुमार पासवान ने बताया कि घटना स्थल का मुआयना किया गया है, जहाँ बोर्ड पर गोली के निशान पाए गए हैं.

दहशत फैलाने की कोशिश

अति व्यस्त इलाके में दोपहर के समय हुई इस फायरिंग से स्पष्ट है कि बदमाशों का उद्देश्य दहशत फैलाना था. पुलिस का मानना है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. इस घटना के बाद से शहर के व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता देखी जा रही है, जिसे देखते हुए बैंक रोड और आसपास के क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई है.

मोतिहारी से अमरेश वर्मा की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >