Motihari News: मोतिहारी. शहर से सटे रघुनाथपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरजिला हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मजुराहा फायरिंग रेंज के पास छापेमारी कर उसके कब्जे से पांच देसी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और 10 मैगजीन बरामद की हैं. पुलिस के अनुसार आरोपी हथियारों की खेप की डिलीवरी देने पहुंचा था.
Raghunathpur News: गुप्त सूचना पर बिछाया गया जाल
रघुनाथपुर थानाध्यक्ष धनंजय कुमार को 19 अगस्त 2026 को सूचना मिली थी कि एक शातिर अपराधी मजुराहा फायरिंग रेंज के समीप हथियारों की सप्लाई करने आने वाला है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया.
पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी कर दी और संदिग्ध की गतिविधियों पर नजर रखने लगी.
पुलिस को देखते ही भागने लगा तस्कर
पुलिस के अनुसार छापेमारी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम को देखते ही मौके से भागने का प्रयास किया. हालांकि सुरक्षा बलों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया. तलाशी लेने पर उसके पास से हथियार और कारतूस बरामद हुए.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के मुस्तफापुर निवासी मो. अहमद, पिता नूर मोहम्मद, के रूप में हुई है.
पांच पिस्टल, पांच कारतूस और 10 मैगजीन बरामद
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से पांच देसी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और 10 मैगजीन बरामद की गईं. पुलिस ने सभी सामान को जब्त कर लिया है.
बरामदगी के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियारों की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे सौंपा जाना था.
किसे हथियार देने आया था तस्कर? जांच जारी
सदर-1 एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मोतिहारी पहुंचा आरोपी किस व्यक्ति या गिरोह को हथियारों की सप्लाई देने वाला था.
पुलिस को आशंका है कि पूछताछ और जांच के आधार पर अंतरजिला हथियार तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है.
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी
पुलिस गिरफ्तार आरोपी के आपराधिक इतिहास और हथियार तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं को खंगाल रही है. गिरोह में शामिल संभावित अन्य सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.
यह भी पढ़ें: लॉज में रची गई थी लोजपा नेता की हत्या की साजिश, अब हाथीदह से पकड़ा गया मुख्य आरोपी
