मोतिहारी में चिकित्सा आपके द्वार: जिले के ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी पहुंचाने और गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने नई पहल शुरू की है. सदर अस्पताल परिसर स्थित जिला स्वास्थ्य समिति से ‘जांच एवं उपचार, चिकित्सा आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत विशेष जन-जागरूकता रथ रवाना किया गया. जिला गैर-संचारी रोग पदाधिकारी डॉ शरत चंद्र शर्मा ने रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे.
एक महीने तक पंचायतों में घूमेगा जागरूकता रथ
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जन-जागरूकता रथ अगले एक महीने तक जिले की सभी पंचायतों और सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण करेगा. अभियान का उद्देश्य लोगों को समय पर स्वास्थ्य जांच कराने और बीमारी के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने के लिए जागरूक करना है.
रथ के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, सही समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया जाएगा.
एलईडी स्क्रीन पर दिखाई जाएंगी लघु फिल्में
अभियान को ज्यादा प्रभावी बनाने के लिए जागरूकता रथ में ऑडियो-विजुअल सिस्टम लगाया गया है. इसमें प्रोजेक्टर और एलईडी स्क्रीन की सुविधा उपलब्ध है. विभिन्न पंचायतों में रथ के माध्यम से लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा.
इन फिल्मों के जरिए लोगों को अलग-अलग बीमारियों के शुरुआती लक्षण, बचाव के तरीके और समय पर इलाज कराने की जरूरत के बारे में जानकारी दी जाएगी. साथ ही सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध मुफ्त जांच और इलाज की सुविधाओं के बारे में भी ग्रामीणों को बताया जाएगा.
सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की भी मिलेगी जानकारी
जागरूकता रथ सिर्फ बीमारियों से बचाव तक सीमित नहीं रहेगा. इसके जरिए केंद्र और राज्य सरकार की प्रमुख स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी भी लोगों तक पहुंचायी जाएगी.
स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को यह पता चल सके कि उनके नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर किस तरह की जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध है. इससे जागरूकता की कमी के कारण इलाज में होने वाली देरी को कम करने में मदद मिल सकती है.
अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाना लक्ष्य
जिला गैर-संचारी रोग पदाधिकारी डॉ शरत चंद्र शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि जागरूकता के अभाव में लोग कई बार छोटी बीमारी या शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज कर देते हैं. बाद में यही समस्या गंभीर रूप ले सकती है.
उन्होंने कहा कि जागरूकता रथ गांव-गांव जाकर लोगों को समय पर स्वास्थ्य जांच और उपचार के लिए प्रेरित करेगा. विभाग को उम्मीद है कि अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक ग्रामीण सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे.
यह भी पढ़ें:
मोतिहारी में बड़ी चोरी: बांसघाट में छत के रास्ते घुसे शातिर चोर, 5.5 लाख के गहने समेटकर फरार
