मोतिहारी के बंजरिया से राज निखिल की रिपोर्ट
Motihari Farmer Chaupal: बंजरिया प्रखंड के सिसवा पश्चिमी पंचायत स्थित ऐतिहासिक मठ मंदिर परिसर में सोमवार को ‘किसान चौपाल सह खेत बचाओ अभियान’ के तहत एक दिवसीय किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी देना तथा मिट्टी की उर्वरा शक्ति को सुरक्षित रखने के प्रति जागरूक करना था.
रासायनिक उर्वरकों के प्रयोग पर जताई चिंता
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पीपराकोठी कृषि अनुसंधान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक उपस्थित रहे. उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से मिट्टी की उर्वरा शक्ति लगातार घट रही है और भूमि बंजर होने की स्थिति पैदा हो रही है. उन्होंने किसानों से जैविक खेती, वर्मी कंपोस्ट और वैज्ञानिक फसल चक्र अपनाने की अपील की.
कृषि विभाग की योजनाओं की दी जानकारी
कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और अनुदान संबंधी सुविधाओं की जानकारी दी. कृषि समन्वयक कामेश्वर सिंह ने विभागीय योजनाओं के लाभों पर प्रकाश डाला. वहीं बीटीएम मंतोष कुमार एवं एटीएम अजय कुमार ने खरीफ मौसम में कतारबद्ध बुआई और उन्नत बीजों के उपयोग के फायदे बताए.
किसानों और वैज्ञानिकों के बीच हुआ सीधा संवाद
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण किसानों और कृषि वैज्ञानिकों के बीच सीधा संवाद रहा. इस दौरान किसानों ने फसल रोग, कीट प्रबंधन, उर्वरक उपयोग और मिट्टी जांच से जुड़ी समस्याएं रखीं. विशेषज्ञों ने मौके पर ही उनके प्रश्नों का समाधान किया और वैज्ञानिक खेती की जानकारी दी.
मिट्टी की सेहत बचाने का लिया संकल्प
गोष्ठी के समापन पर उपस्थित किसानों ने मिट्टी की गुणवत्ता सुधारने, संतुलित उर्वरक उपयोग करने और कृषि पद्धति में सकारात्मक बदलाव लाने का सामूहिक संकल्प लिया. कार्यक्रम में पंचायत के गणमान्य नागरिकों, किसानों और कृषि विभाग के कर्मियों की बड़ी संख्या मौजूद रही.
यह भी पढ़ें: मोहर्रम को लेकर बंजरिया थाना में शांति समिति की बैठक, थानाध्यक्ष ने जारी किए निर्देश
