Motihari News: मोतिहारी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के ई-सेल द्वारा सी-डैक, पटना के सहयोग से आयोजित छह दिवसीय ड्रोन एवं एलाइड टेक्नोलॉजी बूटकैंप का समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ. इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नवाचार, ड्रोन तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और स्टार्टअप संस्कृति के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया.
ड्रोन और आधुनिक तकनीकों का मिला व्यावहारिक प्रशिक्षण
बूटकैंप के दौरान विद्यार्थियों को ड्रोन डिज़ाइन एवं संचालन, कंप्यूटर विज़न, सेंसर इंटीग्रेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा अन्य आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया. विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में आयोजित विभिन्न तकनीकी गतिविधियों और प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
उत्कृष्ट प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित
समापन समारोह में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. नवनीत कुमार, प्रो. अज़ीम आलम, प्रो. रंजीत कुमार, डॉ. बीरेंद्र कुमार, डॉ. शैलेश रंजन कुमार, प्रो. अशफाक अहमद, प्रो. आशुतोष कुमार तथा ई-सेल समन्वयक डॉ. रवि कुमार मौजूद रहे. सभी अतिथियों ने उत्कृष्ट प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया.
आयोजन में छात्र समन्वयकों की रही अहम भूमिका
कार्यक्रम के सफल आयोजन में ई-सेल समन्वयक डॉ. रवि कुमार के मार्गदर्शन में छात्र समन्वयक प्रशांत कुमार, नितीश कुमार सिंह, शिवम कुमार और आदिति कुमारी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. आयोजन के विभिन्न चरणों में उनके सक्रिय सहयोग से कार्यक्रम का सफल संचालन सुनिश्चित हुआ.
भविष्य में भी होंगे ऐसे तकनीकी कार्यक्रम
समारोह के अंत में सभी अतिथियों ने आयोजन समिति, सी-डैक पटना, ई-सेल तथा सभी प्रतिभागियों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी. उन्होंने भविष्य में भी ऐसे तकनीकी और नवाचार आधारित कार्यक्रमों का नियमित आयोजन करने पर बल दिया. कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ.
यह भी पढ़ृें: जीएमआरडी कॉलेज में रेड रन मैराथन, एचआईवी-एड्स जागरूकता का दिया गया संदेश
