गोविंदगंज में सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन, इलाज के दौरान तीसरे युवक ने तोड़ा दम

मोतीहारी के अरेराज-गोविंदगंज मुख्य सड़क पर भेलानारी पुल के पास रविवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की जान चली गई. आमने-सामने की जोरदार टक्कर में दोनों बाइक के परखचे उड़ गए. पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.

मोतीहारी के अरेराज से हिमांशु की रिपोर्ट

Motihari Breaking News: अरेराज-गोविंदगंज मुख्य सड़क पर भेलानारी पुल के पास रविवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है. पहले दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है.

मृतकों की पहचान पिपराकोठी थाना क्षेत्र के जीवधारा चंद्रहिया निवासी बृज किशोर साह के 18 वर्षीय पुत्र अनीश कुमार, जीवधारा सलेमपुर निवासी गणेश पंडित के 19 वर्षीय पुत्र रवि किशन तथा भेलानारी निवासी शत्रुघ्न मिश्र के 31 वर्षीय पुत्र अतुल मिश्र के रूप में हुई है.

आमने-सामने की टक्कर में उड़े दोनों बाइक के परखचे

प्राप्त जानकारी के अनुसार अतुल मिश्र अपनी बाइक से अरेराज की ओर जा रहे थे. इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही अपाचे बाइक से उनकी आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक के परखचे उड़ गए और तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए.

हादसे में अनीश कुमार और अतुल मिश्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल रवि किशन को पुलिस ने एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई.

मौके पर पहुंचे डीएसपी, पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी रवि कुमार, इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष राजू कुमार मिश्र और अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे. कुछ देर के लिए सड़क पर जाम की स्थिति बन गई थी, जिसे पुलिस ने हटवाकर यातायात बहाल कराया.

पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >