पाकिस्तान लिंक वाले साइबर अपराधी गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार, मोतिहारी पुलिस का एक्शन

Motihari Cyber Fraud Gang: मोतिहारी में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है. चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. ये पाकिस्तान समेत विदेशों में बैठे अपराधियों से जुड़े थे. यह गिरोह लोगों को डिजिटल अरेस्ट और फर्जी विज्ञापनों के जरिए डराकर ठगी करता था.

Motihari Cyber Fraud Gang: मोतिहारी जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के खटोलवा गांव में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है. गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस ने छापेमारी की और इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.

करीब 10 प्रतिशत कमीशन मिलता था

एसएचओ विनीत कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी अंकित कुमार भी शामिल है. पूछताछ में अंकित ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर पाकिस्तान समेत दूसरे देशों में बैठे साइबर अपराधियों के संपर्क में था. यह गिरोह विदेश में बैठे ठगों के इशारे पर काम करता था.

पुलिस के मुताबिक, आरोपी सोशल मीडिया के जरिए लोगों को फंसाते थे. फर्जी विज्ञापन दिखाकर या डिजिटल अरेस्ट जैसी धमकी देकर भोले-भाले लोगों को डराया जाता था. इसके बाद उनसे पैसे ठगे जाते थे. ठगी की रकम सीडीएम के जरिए विदेशों में बैठे साइबर अपराधियों तक पहुंचाई जाती थी. इसके बदले गिरोह के सदस्यों को कुल रकम का करीब 10 प्रतिशत कमीशन मिलता था.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

आने वाले दिनों में होंगे बड़े खुलासे

अंकित कुमार की निशानदेही पर पुलिस ने तीन और आरोपियों को पकड़ा. इनमें युवराज कुमार, मोहम्मद साहिल और चुन्नू कुमार उर्फ अतुल कुमार शामिल हैं. ये सभी अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं और गिरोह में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे.

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से कई अहम सामान बरामद किए हैं. इनमें 7 बैंक पासबुक, 10 एटीएम कार्ड, एक ब्लैंक चेक, 5 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और 3 मोटरसाइकिल शामिल हैं.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह गिरोह लंबे समय से लोगों को निशाना बना रहा था. अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह के दूसरे सदस्यों की तलाश की जा रही है. इस पूरे ऑपरेशन में साइबर थाना मोतिहारी, स्थानीय पुलिस और कई अधिकारियों की अहम भूमिका रही. मामले की जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं.

इसे भी पढ़ें: सत्ता छोड़ी पर सिद्धांत नहीं, जदयू नेता ने नीतीश कुमार के फैसले को बताया ऐतिहासिक

2014 में जीता भरोसा, 2026 में मिला ताज, सम्राट चौधरी कैसे बने नीतीश कुमार के भरोसेमंद

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Paritosh shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >