Motihari Crime News: मोतिहारी के पताही थाना क्षेत्र के घुसुकपुर टोला में भीड़ ने चोरी के आरोप में एक युवक को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया. इस तालिबानी सजा का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
घर में घुसने पर ग्रामीणों ने पकड़ा
जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक की पहचान परसौनी कपूर गांव के रहने वाले शुभम कुमार के रूप में हुई है .ग्रामीणों का आरोप है कि शुभम देर रात घुसुकपुर टोला के एक घर में चोरी की नीयत से दाखिल हुआ था.आहट मिलते ही घर के लोग जाग गए और उन्होंने शोर मचाकर ग्रामीणों की मदद से उसे रंगे हाथों पकड़ लिया.
हाथ-पैर बांधकर बरसाई लाठियां
युवक को पकड़ने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया.लोगों ने बिना पुलिस को सूचना दिए युवक के हाथ और पैर रस्सी से कसकर बांध दिए . इसके बाद भीड़ में शामिल लोग उस पर लाठी-डंडों, लात और थप्पड़ों की बरसात करने लगे.मौके पर मौजूद किसी शख्स ने इस पूरी वारदात का वीडियो बना लिया .वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवक बेबस होकर छोड़ने की गुहार लगा रहा है, लेकिन भीड़ उस पर रहम करने को तैयार नहीं है.
वीडियो वायरल होने पर पुलिस एक्शन में
घटना का वीडियो इंटरनेट पर वायरल होने के बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन हरकत में आया है. पकड़ीदयाल के डीएसपी कुमार चंदन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पताहीथानाध्यक्ष को तत्काल जांच के आदेश दिए हैं .पुलिस अब वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट करने वाले हुड़दंगियों की पहचान करने में जुटी है .पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त धाराओं में एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी .साथ ही प्रशासन ने लोगों से कानून हाथ में न लेने की अपील की है.
मोतिहारी से सुजीत पाठक की रिपोर्ट
