मोतिहारी से अमरेश वर्मा की रिपोर्ट
Motihari Crime News: पूर्वी चंपारण के पीपराकोठी थाना क्षेत्र के मथुरापुर मठगोपाल गांव में शनिवार को गन्ने के खेत से 35 वर्षीय युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान बुधन मियां के पुत्र शहाबुद्दीन अहमद के रूप में हुई है. शव पर झुलसने जैसे गहरे निशान मिलने के बाद तेजाब (एसिड) से जलाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी.
घर से निकले युवक का खेत में मिला शव
परिजनों के अनुसार शहाबुद्दीन अहमद शनिवार सुबह करीब नौ बजे घर से निकले थे, लेकिन दोपहर तक वापस नहीं लौटे. काफी खोजबीन के दौरान उनकी बहन रवीना खातून ने गांव के एक गन्ने के खेत में उनका शव देखा. सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई और पुलिस को मामले की जानकारी दी गई.
शरीर पर झुलसने के निशानों से हत्या की आशंका
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक के शरीर पर किसी रासायनिक पदार्थ से झुलसने जैसे गंभीर निशान मिले हैं. इससे तेजाब डालकर हत्या किए जाने की आशंका और गहरा गई है. पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं और वैज्ञानिक जांच शुरू कर दी है.
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह पुलिस बल एवं फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया. घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए हैं.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई. फिलहाल हत्या समेत सभी संभावित बिंदुओं पर जांच जारी है.
परिवार में मचा कोहराम
मृतक शहाबुद्दीन अहमद अपने परिवार के सबसे बड़े सदस्य थे. उनके परिवार में पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री हैं. घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
