मोतिहारी से सामंत कुमार गौतम की रिपोर्ट
Motihari ASHA Protest: बकाया मानदेय भुगतान की मांग को लेकर सदर प्रखंड की आशा कार्यकर्ताओं एवं आशा फैसिलिटेटरों ने मंगलवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) परिसर में धरना-प्रदर्शन किया. कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट कहा कि जब तक बकाया राशि का भुगतान नहीं किया जाता, तब तक उनका अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार जारी रहेगा.
यह भी पढ़ें: सिलेंडर में आग लगने से हड़कंप, फायरकर्मियों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
280 आशा और 11 फैसिलिटेटरों का मानदेय लंबित
प्रदर्शन कर रही आशा कार्यकर्ताओं ने बताया कि सदर प्रखंड की करीब 280 आशा कार्यकर्ताओं का नौ माह तथा 11 आशा फैसिलिटेटरों का पांच माह का मानदेय बकाया है. कई बार विभागीय अधिकारियों को इस संबंध में अवगत कराया गया, लेकिन अब तक भुगतान नहीं किया गया है. इससे आशा कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है.
23 जून से चल रहा है राज्यव्यापी आंदोलन
आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि बिहार राज्य आशा कार्यकर्ता संघ के आह्वान पर 23 जून से पूरे राज्य में कार्य बहिष्कार आंदोलन चल रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और स्वास्थ्य विभाग की उदासीनता के कारण आंदोलन को और तेज करने की नौबत आ गई है.
यह भी पढ़ें: लूट की बड़ी साजिश नाकाम, हथियारों के साथ 5 अपराधी गिरफ्तार
पल्स पोलियो अभियान बहिष्कार की चेतावनी
संघ ने चेतावनी दी कि यदि बकाया मानदेय का भुगतान शीघ्र नहीं किया गया तो 28 जून से शुरू होने वाले पल्स पोलियो अभियान में भी आशा कार्यकर्ता हिस्सा नहीं लेंगी. उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में अभियान प्रभावित होने की पूरी जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग और सरकार की होगी.
भुगतान होने तक जारी रहेगा आंदोलन
धरना की अध्यक्षता कर रही प्रखंड अध्यक्ष रूपा खातून ने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं को लंबे समय से उनके मेहनताने से वंचित रखा गया है. वहीं नीलिमा कुमारी ने कहा कि जब तक बकाया मानदेय का भुगतान नहीं होगा, आंदोलन जारी रहेगा. उन्होंने सरकार से तत्काल भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की.
प्रदर्शन में महामंत्री बबीता देवी, रंजू देवी, किरण देवी, बच्ची कुमारी, दानवंती देवी, संगीता राय, लक्की दास, सीमा पाठक, कुंती देवी, पूनम देवी, मीनू गुप्ता, अनीता देवी सहित बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता और फैसिलिटेटर मौजूद रहीं.
यह भी पढ़ें:नशा मुक्त अभियान को लेकर मोतिहारी प्रशासन अलर्ट, डीएम ने रवाना की प्रभात फेरी
