Motihari News: मोतिहारी में अल्पसंख्यक अधिकार मंच, जिला कमिटी पूर्वी चंपारण के तत्वावधान में सोमवार को समाहरणालय के समक्ष 12 सूत्री मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया गया. धरना के बाद मंच के प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा. मंच के पदाधिकारियों और वक्ताओं ने अल्पसंख्यक समुदाय को संविधान प्रदत्त अधिकारों और सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ दिलाने की मांग उठायी.
शिक्षा, रोजगार और सुरक्षा का उठाया मुद्दा
धरना को संबोधित करते हुए मंच के अध्यक्ष इम्तियाज अहमद ने कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को संविधान प्रदत्त अधिकारों और सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ मिलना चाहिए. उन्होंने शिक्षा, रोजगार और सुरक्षा के साथ समान अवसर सुनिश्चित करने की मांग की. उनके अनुसार, समुदाय के विकास के लिए इन क्षेत्रों में प्रभावी कदम उठाना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है.
मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी
इम्तियाज अहमद ने कहा कि मंच की ओर से उठायी गयी 12 सूत्री मांगों पर शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा. मंच ने प्रशासन से ज्ञापन में शामिल मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की.
सीपीएम ने धरना का किया समर्थन
भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के जिला सचिव सत्येंद्र कुमार मिश्रा ने धरना का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि संविधान सभी नागरिकों को समानता और सम्मान का अधिकार देता है. उन्होंने अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़े अधिकारों और मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करने की आवश्यकता बतायी.
सामाजिक न्याय और भाईचारे पर दिया जोर
शक्ति नाथ तिवारी ने कहा कि समाज की मजबूती आपसी भाईचारे, समान अधिकार और सामाजिक न्याय से होती है. उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक अधिकार मंच की मांगें लोकतंत्र, समानता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने वाली हैं. वक्ताओं ने समाज में सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने पर भी जोर दिया.
कल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी बनाने की मांग
धरना को जमालुद्दीन, मो. जाहिर, सुल्तान खान, इंजीनियर फरहान हाशमी, शफीकुर रहमान, अमन यादव तथा एसएफआई के जिला संयोजक सत्येंद्र कुमार सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया. वक्ताओं ने शिक्षा और रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा अल्पसंख्यक कल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग की. साथ ही सांप्रदायिक सौहार्द और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की गयी.
यह भी पढ़ें: मकान की छत पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग लगाने पर कितना टैक्स बचेगा? जानें 5 प्रतिशत छूट का नियम
