चकिया, मोतिहारी से निर्मल मिश्रा की रिपोर्ट
Motihari News: राज्य के प्रमुख लीची उत्पादक क्षेत्र मेहसी स्थित तिरहुत उच्च विद्यालय परिसर में सोमवार शाम तीन दिवसीय 18वें लीचीपुरम महोत्सव का रंगारंग शुभारंभ हुआ. पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद राधामोहन सिंह, स्थानीय विधायक श्यामबाबू प्रसाद यादव और आयोजन समिति के अध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया.
किसानों के हित में योजनाओं की जानकारी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों के हित में अनेक योजनाएं संचालित कर रही हैं. उन्होंने लीची किसानों को बाजार तक बेहतर ढंग से उत्पाद पहुंचाने के लिए रेफ्रिजरेटेड वैन खरीदने का सुझाव दिया.
उन्होंने बताया कि इस प्रकार के वाहनों की खरीद पर सरकार की ओर से 50 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाता है. इसके अलावा कृषि से जुड़े कई उपकरणों पर भी 50 से 90 प्रतिशत तक अनुदान उपलब्ध है.
अगले वर्ष सरकारी कार्यक्रम बनाने का वादा
राधामोहन सिंह ने उपस्थित लोगों से वादा किया कि अगले वर्ष लीचीपुरम महोत्सव को सरकारी कार्यक्रम के रूप में आयोजित कराने का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने कहा कि लीची उत्पादकों की समस्याओं के समाधान और उनके उत्पाद को बेहतर बाजार दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं.
2008 से जारी है महोत्सव की परंपरा
लीचीपुरम महोत्सव की शुरुआत वर्ष 2008 में हुई थी. इसकी आधारशिला मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रखी थी. इसके बाद उपमुख्यमंत्री रहे सुशील कुमार मोदी सहित कई वरिष्ठ नेता और मंत्री इस आयोजन का हिस्सा बनते रहे हैं.
आज यह महोत्सव बिहार के प्रमुख वार्षिक आयोजनों में शामिल हो चुका है और किसानों, लीची उत्पादकों, कलाकारों तथा संस्कृति प्रेमियों के लिए महत्वपूर्ण मंच बन गया है.
किसानों के मुद्दों पर होगी चर्चा
आयोजकों के अनुसार महोत्सव के दौरान लीची किसानों के साथ संवाद, उनकी समस्याओं और संभावित समाधानों को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में किसान, कलाप्रेमी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे.
