Raxaul News: सावन की हरियाली, पारंपरिक संस्कृति और उत्साह से सराबोर माहौल के बीच मंगलवार को रक्सौल के बैंक रोड स्थित श्री सत्यनारायण मारवाड़ी पंचायती मंदिर परिसर में अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन, रक्सौल शाखा द्वारा स्थापना दिवस के अवसर पर 'सुरंगों सावन' थीम पर भव्य सावन महोत्सव आयोजित किया गया. पूरे मंदिर परिसर को सावन की थीम पर आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जहां महिलाओं, बच्चों और परिवारों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली.
दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का उद्घाटन श्री सत्यनारायण मारवाड़ी मंदिर ट्रस्ट के सचिव कैलाश चन्द्र काबरा, महेश अग्रवाल, शाखा अध्यक्षा सोनू काबरा, प्रांतीय अंचल प्रमुख एवं निवर्तमान अध्यक्षा वीणा गोयल, सचिव रचना रुंगटा, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति खंडेलवाल, राजकुमार अग्रवाल एवं सीताराम गोयल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया.
इस अवसर पर कैलाश चन्द्र काबरा ने कहा कि मारवाड़ी महिला सम्मेलन समाज सेवा, महिला सशक्तीकरण और सांस्कृतिक संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है तथा भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रहने चाहिए.
फैन्सी ड्रेस और सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे आकर्षण का केंद्र
सावन महोत्सव के दौरान आयोजित फैन्सी ड्रेस प्रतियोगिता में नन्हे प्रतिभागियों ने अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया. वहीं सम्मेलन की सदस्याओं ने गीत और नृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को यादगार बना दिया. हिन्दी, भोजपुरी और मारवाड़ी गीतों पर प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा.
सेल्फी प्वाइंट और स्टॉल पर उमड़ी भीड़
महोत्सव में बनाए गए विशेष सेल्फी प्वाइंट पर महिलाओं और युवाओं में तस्वीरें खिंचवाने की होड़ लगी रही. वहीं महिलाओं द्वारा लगाए गए सजावटी सामान, डिजाइनर परिधान, राखियां और घरेलू उत्पादों के स्टॉल पर लोगों ने जमकर खरीदारी की. चाट, गोलगप्पे और अन्य व्यंजनों के स्टॉल पर भी देर शाम तक भीड़ बनी रही.
सेवा और संस्कार के कार्य आगे भी रहेंगे जारी
शाखा अध्यक्षा सोनू काबरा ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मारवाड़ी महिला सम्मेलन सेवा, संस्कार और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों को आगे भी निरंतर गति देता रहेगा.
कार्यक्रम की सफलता में वीणा गोयल, रचना रुंगटा, संगीता रुंगटा, अनुराधा शर्मा, ज्योति शर्मा, सारिका अग्रवाल, सुनीता शाह, सुमन अग्रवाल, सुशीला अग्रवाल, शिखा रंजन, खुशबू भरतिया, शिल्पा भरतिया, बबली अग्रवाल, रेणु रुंगटा, मधु अग्रवाल, नीलम खेतान, आशा केशान, ज्योति राज गुप्ता तथा अन्य सदस्याओं की सक्रिय भूमिका रही.
यह भी पढ़ें: हरसिद्धि में नई उर्वरक व्यवस्था से किसान परेशान, पर्याप्त खाद नहीं मिलने से बढ़ी चिंता
