Cobra Snake Bite Viral Story: मोतिहारी के चिरैया थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. मीरपुर गांव में एक युवक को खेत में काम करने के दौरान जहरीले कोबरा ने डस लिया. इसके बाद घबराने के बजाय युवक ने कोबरा को जिंदा पकड़कर एक डिब्बे में बंद किया और उसी के साथ इलाज कराने सदर अस्पताल पहुंच गया.
युवक के हाथ में डिब्बे में बंद जिंदा कोबरा देखकर अस्पताल में मौजूद डॉक्टर, स्वास्थ्यकर्मी और मरीज भी कुछ देर के लिए हैरान रह गए.
खेत में काम के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मीरपुर गांव का रहने वाला युवक खेत में काम कर रहा था. इसी दौरान उसे एक जहरीले कोबरा ने काट लिया.
घटना के बाद उसने हिम्मत और सूझबूझ दिखाते हुए सांप को जिंदा पकड़ लिया, उसे डिब्बे में बंद किया और परिजनों के साथ तुरंत सदर अस्पताल पहुंच गया.
डिब्बा खुलते ही मच गई अफरा-तफरी
अस्पताल पहुंचने के बाद जब युवक ने डॉक्टरों को डिब्बे में बंद कोबरा दिखाया तो वहां मौजूद लोगों के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
हालांकि, स्वास्थ्यकर्मियों ने स्थिति को संभालते हुए तुरंत युवक का इलाज शुरू किया.
12 घंटे निगरानी के बाद मिली छुट्टी
डॉक्टरों ने युवक को इलाज के बाद करीब 12 घंटे तक निगरानी में रखा. समय पर उपचार मिलने से उसकी हालत में सुधार हुआ और स्वास्थ्य सामान्य होने पर उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.
डॉक्टरों की अपील
इस घटना के बाद चिकित्सकों ने लोगों से अपील की कि सांप के काटने पर झाड़-फूंक या अंधविश्वास के चक्कर में समय बर्बाद न करें.
उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में बिना देर किए नजदीकी अस्पताल पहुंचकर इलाज कराना ही सबसे सुरक्षित और प्रभावी तरीका है. साथ ही, यदि संभव और सुरक्षित हो तो सांप की पहचान में मदद मिल सकती है, लेकिन सांप को पकड़ने की कोशिश करना जोखिम भरा हो सकता है. इसलिए अपनी जान जोखिम में डालने से बचें और प्राथमिकता तुरंत चिकित्सीय सहायता लेने को दें.
