मोतिहारी के मझौलिया से संजय कुमार पांडे की रिपोर्ट
Majhaulia CO Charge: पश्चिम चंपारण जिले के मझौलिया अंचल कार्यालय में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है. मंगलवार की देर शाम नवागत अंचलाधिकारी (सीओ) डॉली कुमारी ने तत्कालीन अंचलाधिकारी राजीव रंजन से विधिवत रूप से पदभार ग्रहण कर लिया है. पदभार ग्रहण करने के बाद नवागत सीओ डॉली कुमारी ने अपनी कार्ययोजना साझा करते हुए कहा कि उनकी पहली और मुख्य प्राथमिकता स्कूली छात्र-छात्राओं के जाति, आय, आवासीय और निवास प्रमाणपत्रों को समय सीमा के भीतर निर्गत करना होगा. उन्होंने जोर देकर कहा कि आज की युवा पीढ़ी ही हमारे राष्ट्र का भविष्य है, इसलिए उन्हें प्रमाणपत्रों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा.
भू-राजस्व कार्यों का समय पर होगा निष्पादन, आम जनता और जनप्रतिनिधियों से बनेगा समन्वय
अंचलाधिकारी ने भूमि से जुड़े मामलों के त्वरित निपटारे पर विशेष बल दिया. उन्होंने कहा कि भू-राजस्व संबंधित कार्यों जैसे दाखिल-खारिज (म्यूटेशन), नामांतरण, परिमार्जन पोर्टल के सुधार, जनलोक शिकायत निवारण से प्राप्त आवेदनों और विभिन्न न्यायालयों द्वारा पारित आदेशों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन किया जाएगा. विभाग के कड़े दिशा-निर्देशों के अनुरूप आम जनता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से आपसी समन्वय स्थापित कर राजस्व कार्यों को गति दी जाएगी. पदभार ग्रहण के दौरान अंचल लिपिक रवि कुमार समेत अन्य कई राजस्व कर्मी मुख्य रूप से उपस्थित रहे.
बिचौलियों और अटॉर्नी पर होगी सख्त कार्रवाई, सीओ ने जारी किया अपना सरकारी मोबाइल नंबर
सीओ डॉली कुमारी ने अंचल कार्यालय की कार्यप्रणाली में सुधार को अपनी दूसरी बड़ी प्राथमिकता बताया. उन्होंने कहा कि कार्यालय कर्मियों को समय का पालन करना होगा और सभी महत्वपूर्ण राजस्व अभिलेखों को बेहतर ढंग से सुसज्जित और व्यवस्थित रखा जाएगा ताकि आम जनता को कोई परेशानी न हो. बिचौलियों और अटॉर्नी के आतंक पर कड़ा रुख अख्तियार करते हुए सीओ ने जनता से अपील की कि यदि सभी का सहयोग मिला तो अंचल कार्यालय सहित सभी 78 राजस्व ग्रामों को बिचौलियों से पूरी तरह मुक्त कराया जाएगा. किसी भी गड़बड़ी की स्थिति में फरियादी सीधे उनके सरकारी मोबाइल नंबर 8544412737 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं.
