सुगौली विधायक के आवास पर लोजपा (रामविलास) का मंथन, सोशल मीडिया से युवाओं को जोड़ने की बनी रणनीति

LJP Ram Vilas Meeting Banjaria: मोतिहारी के बंजरिया में सुगौली विधायक बबलू गुप्ता के आवास पर लोजपा (आर) की बूथ सशक्तिकरण बैठक हुई, जिसमें संगठन को मजबूत करने की रणनीति बनी.

मोतिहारी के बंजरिया से राज निखिल का रिपोर्ट

LJP Ram Vilas Meeting Banjaria:आगामी राजनीतिक चुनौतियों और संगठन की मजबूती को ध्यान में रखते हुए लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने बूथ स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करनी तेज कर दी है. इसी क्रम में सुगौली विधायक राजेश कुमार उर्फ बबलू गुप्ता के जानपुल चौक स्थित आवास पर एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में पार्टी के विस्तार, बूथ कमेटियों के गठन और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा हुई.

Motihari News: जन-जन तक पहुंचाएं सरकारी योजनाएं

बैठक को मुख्य रूप से संबोधित करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने स्पष्ट किया कि संगठन की वास्तविक शक्ति बूथ स्तर पर ही निहित होती है. कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए नेताओं ने कहा कि वे अविलंब प्रत्येक बूथ स्तर पर एक मजबूत और सक्रिय टीम का निर्माण करें तथा सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाएँ. नेताओं ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन के लिए हर एक बूथ को अभेद्य बनाना पार्टी की शीर्ष प्राथमिकता है.

मजबूत बूथ कमिटी से ही होगा विपक्ष का मुकाबला: जिलाध्यक्ष

मोतिहारी जिलाध्यक्ष धरणीधर मिश्रा और रक्सौल संगठन जिलाध्यक्ष राजेश पासवान ने संयुक्त रूप से पार्टी की आगामी कार्ययोजनाओं को कार्यकर्ताओं के समक्ष रखा. उन्होंने कहा कि मजबूत बूथ कमिटी न केवल पार्टी के सांगठनिक ढांचे को मजबूती प्रदान करेगी, बल्कि चुनावी मैदान में विपक्षी दलों का डटकर मुकाबला करने में भी पूरी तरह सक्षम होगी. वहीं, युवा जिलाध्यक्ष मंजीत पासवान ने तकनीक और सोशल मीडिया के महत्व पर प्रकाश डालते हुए जनसंपर्क के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को लोजपा (आर) की विचारधारा से जोड़ने का आह्वान किया.

अनुशासन और आपसी समन्वय से मिलेगी सफलता: विधायक बबलू गुप्ता

मेजबान सुगौली विधायक राजेश कुमार उर्फ बबलू गुप्ता ने बैठक में शामिल सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि किसी भी संगठन की सफलता के लिए आपसी समन्वय, अनुशासन और अटूट निष्ठा अनिवार्य है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पूरी ईमानदारी के साथ जनता के बीच जाएँ और उनकी समस्याओं के समाधान में सहभागी बनें. बैठक के अंत में उपस्थित सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के जनाधार को व्यापक और मजबूत बनाने का सामूहिक संकल्प लिया.

इस महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक के मौके पर छठू पासवान, रामगढ़वा प्रखंड अध्यक्ष रामनरेश पासवान सहित जिले के कई प्रमुख पदाधिकारी, पंचायत स्तरीय नेता और भारी संख्या में सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >