Raxaul News: भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम लिमिटेड (IRCTC) की ओर से भारत गौरव पर्यटक ट्रेन योजना के अंतर्गत 'ज्योतिर्लिंग दर्शन एवं श्री साईं दर्शन यात्रा' का विशेष आयोजन किया जा रहा है. यह स्पेशल पर्यटक ट्रेन 1 सितंबर 2026 को बेतिया से रवाना होगी और रक्सौल के रास्ते सीतामढ़ी होते हुए आगे के गंतव्य के लिए प्रस्थान करेगी. 8 रात और 9 दिनों के इस विशेष टूर पैकेज में श्रद्धालुओं को देश के चार प्रमुख ज्योतिर्लिंगों, प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों और ऐतिहासिक धरोहरों के दर्शन कराए जाएंगे.
महाकाल, ओंकारेश्वर, त्र्यंबकेश्वर, घृष्णेश्वर व शिरडी के होंगे दर्शन
आईआरसीटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक कन्हैया शर्मा ने बताया कि केंद्र सरकार के 'देखो अपना देश' और 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' अभियान के तहत यह धार्मिक यात्रा आयोजित की जा रही है.
इस यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को उज्जैन के श्री महाकालेश्वर एवं ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग, नासिक के त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग, शिरडी स्थित श्री साईं बाबा मंदिर, छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) के घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग और विश्व प्रसिद्ध एलोरा की ऐतिहासिक गुफाओं का भ्रमण कराया जाएगा. इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना और देश की सांस्कृतिक विविधता से लोगों को जोड़ना है.
रक्सौल सहित इन स्टेशनों पर बोर्डिंग और डी-बोर्डिंग की सुविधा
सीमावर्ती रक्सौल और आसपास के क्षेत्र के यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में कई महत्वपूर्ण बोर्डिंग व डी-बोर्डिंग स्टेशन बनाए गए हैं:
- प्रमुख बोर्डिंग स्टेशन: बेतिया, सुगौली, रक्सौल, सीतामढ़ी, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, दिलदारनगर, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (मुगलसराय) और प्रयागराज छिवकी.
340 सीटें बुक, 160 सीटें बाकी; जानें पैकेज और किराया
ट्रेन में कुल सीटों में से अब तक 340 सीटों की बुकिंग हो चुकी है, जबकि 160 सीटें अभी खाली हैं. इनमें इकॉनमी क्लास की 120 और स्टैंडर्ड क्लास की 40 सीटें शामिल हैं, जबकि कम्फर्ट क्लास की सभी सीटें फुल हो चुकी हैं.
- इकॉनमी क्लास: किराया 18,160 रुपये प्रति यात्री (स्लीपर क्लास यात्रा, नॉन-एसी होटल में ठहराव, शाकाहारी भोजन, नॉन-एसी बस से भ्रमण).
- स्टैंडर्ड क्लास: किराया 32,550 रुपये प्रति यात्री (3 एसी रेल यात्रा, एसी होटल, भोजन, एसी वाहन से भ्रमण).
- कम्फर्ट क्लास: किराया 39,425 रुपये प्रति यात्री (2 एसी रेल यात्रा, एसी होटल, भोजन, एसी वाहन से भ्रमण).
आईआरसीटीसी के अनुसार, इस पैकेज में रेल किराया, होटल में ठहरने की व्यवस्था, स्थानीय आवागमन, दर्शनीय स्थलों का भ्रमण, ऑनबोर्ड सुरक्षा, यात्रा बीमा और आईआरसीटीसी की आतिथ्य सेवाएं शामिल हैं. समूह में बुकिंग कराने पर विशेष छूट भी दी जा रही है.
