बिहार सरकार के श्रम संसाधन तथा युवा कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में शहर के जिला नियोजनालय परिसर में एकदिवसीय रोजगार मेले का भव्य आयोजन किया गया. इस मेले में जिले भर के हजारों युवाओं ने हिस्सा लिया. दिनभर चली चयन प्रक्रिया और साक्षात्कार के बाद 120 अभ्यर्थियों को मौके पर ही नियुक्ति पत्र सौंप दिए गए.
विधायक प्रमोद कुमार ने किया उद्घाटन
रोजगार मेले का विधिवत उद्घाटन मोतिहारी के स्थानीय विधायक प्रमोद कुमार ने किया. इस अवसर पर श्रम अधीक्षक सत्य प्रकाश, यंग प्रोफेशनल निलेश कुमार सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे. अतिथियों ने सरकार की इस पहल को युवाओं को स्वावलंबी बनाने की दिशा में एक अहम कदम बताया.
18 कंपनियों ने 1540 रिक्तियों के लिए मांगे आवेदन
मेले में राष्ट्रीय और राज्य स्तर की कुल 18 नामी कंपनियों ने भाग लिया. इन कंपनियों की ओर से कुल 1540 रिक्तियां अधिसूचित की गई थीं. इन पदों के सापेक्ष रोजगार की तलाश में पहुंचे 2,660 अभ्यर्थियों ने अपना निबंधन कराया और आवेदन पत्र जमा किए.
जिला नियोजन पदाधिकारी का बयान
जिला नियोजन पदाधिकारी अंकित राज ने जानकारी देते हुए बताया कि विभागीय दिशा-निर्देशों के तहत पूरी पारदर्शिता के साथ चयन प्रक्रिया संपन्न कराई गई है. कुल जमा आवेदनों में से प्रारंभिक जांच और साक्षात्कार के आधार पर 763 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है. उन्होंने बताया कि चयनित 120 युवाओं को ऑन-द-स्पॉट जॉब लेटर दे दिए गए हैं, जबकि शेष शॉर्टलिस्टेड अभ्यर्थियों को अलग-अलग तिथियों पर साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा.
