Motihari News: इंडो-नेपाल बॉर्डर पर SSB की बड़ी कार्रवाई, 19 बोरी यूरिया व 50 किलो खैनी के साथ 2 नेपाली तस्कर गिरफ्तार

सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 19 बोरा भारतीय यूरिया खाद, 50 किलोग्राम खैनी और 4 साइकिलें जब्त की हैं. इस दौरान दो नेपाली तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है. यह जब्त यूरिया सीमा पार नेपाल ले जाई जा रही थी.

Motihari News: मोतिहारी. भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 71वीं वाहिनी के जवानों ने सीमा पार तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है. शुक्रवार की अहले सुबह एसएसबी जवानों ने भारतीय सीमा से नेपाल ले जाई जा रही 19 बोरा भारतीय यूरिया खाद, 50 किलोग्राम खैनी और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही 4 साइकिलें जब्त की हैं. इस कार्रवाई के दौरान मौके से दो नेपाली तस्करों को भी रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है, जबकि कुछ अन्य तस्कर सामान छोड़कर सीमा पार भागने में सफल रहे.

रेगानिया की टीम ने की घेराबंदी

एसएसबी के अधिकारियों के अनुसार, 71वीं वाहिनी की आसूचना शाखा (इंटेलीजेंस विंग) को गुप्त सूचना मिली थी कि अगरवा गांव के रास्ते प्रतिबंधित सामान और भारी मात्रा में यूरिया खाद की अवैध खेप नेपाल भेजी जाने वाली है.

सूचना मिलते ही समवाय प्रभारी ने तुरंत एक्शन लेते हुए बाह्य सीमा चौकी (BOP) रेगानिया को अलर्ट किया. इसके बाद सहायक उप निरीक्षक (ASI) दिलीप रबि दास के नेतृत्व में एक विशेष गश्ती दल (स्पेशल पेट्रोलिंग टीम) का गठन कर चिन्हित इलाके में सघन निगरानी के लिए भेजा गया.

जवानों को देखते ही मची भगदड़

गश्ती दल ने अगरवा सीमा क्षेत्र में पहुंचकर छिपकर निगरानी शुरू की. कुछ ही देर बाद जवानों ने देखा कि कुछ लोग साइकिलों पर और कुछ अपने सिर पर यूरिया के बोरे लादकर भारतीय सीमा से नेपाल की सीमा में घुसने की फिराक में हैं.

जैसे ही तस्करों की नजर एसएसबी जवानों पर पड़ी, वे सामान और साइकिलें फेंककर नेपाल की ओर भागने लगे. जवानों ने फुर्ती दिखाते हुए पीछा किया और दो तस्करों को मौके पर ही धर दबोचा. पकड़े गए दोनों तस्करों की पहचान नेपाल के मधेश प्रदेश अंतर्गत जिला बारा, थाना व डाकघर सिमरौनगढ़ के ननसागरा घाट निवासी प्रभु मुखिया (18 वर्ष) और अमीरखा मुखिया (19 वर्ष, पिता- जयराम मुखिया) के रूप में हुई है.

855 किलोग्राम यूरिया जब्त, कस्टम विभाग को सौंपा गया

पूछताछ के दौरान पकड़े गए दोनों युवक सामान से संबंधित कोई भी वैध कागजात या बिल प्रस्तुत नहीं कर सके.

  • बरामदगी का विवरण: एसएसबी ने सीमा शुल्क अधिनियम के तहत कुल 19 बोरा भारतीय यूरिया (प्रति बोरा 45 किलो, कुल 855 किलोग्राम), 50 किलोग्राम खैनी और 4 साइकिलें जब्त की हैं.

एसएसबी द्वारा जब्त सभी सामानों और गिरफ्तार दोनों नेपाली नागरिकों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क कार्यालय (कस्टम ऑफिस), मोतिहारी को सुपुर्द कर दिया गया है.

यह भी पढ़ें: दो जुड़वां बेटों को जन्म देकर मां ने तोड़ा दम, नर्सिंग होम में हंगामे के बाद उठे सवाल


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Intejarul Haq

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >