मुख्यमंत्री के आने से पहले मोतिहारी में मेडिकल इमरजेंसी प्लान तैयार, 102 एंबुलेंस समेत 10 टीमें तैनात

मुख्यमंत्री के मोतिहारी आगमन को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट है. आपातकालीन चिकित्सा के लिए 102 एंबुलेंस और 10 विशेष मेडिकल टीमों की तैनाती की गई है. भोजन की सुरक्षा से लेकर हर स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को चुस्त-दुरुस्त रखा गया है.

Motihari News: मुख्यमंत्री के मोतिहारी आगमन को लेकर जिला प्रशासन के साथ स्वास्थ्य विभाग भी पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है. महात्मा गांधी प्रेक्षागृह और गांधी मैदान में प्रस्तावित कार्यक्रमों को देखते हुए आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था के लिए 10 विशेष मेडिकल टीमों और 102 एंबुलेंस की तैनाती की गई है. सभी टीमें 1 सितंबर की सुबह 7 बजे से अपने निर्धारित स्थल पर मुस्तैद रहेंगी.

कारकेड और हेलीपैड पर विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती

मुख्यमंत्री के कारकेड और पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर आधुनिक एंबुलेंस के साथ विशेषज्ञ डॉक्टर, सर्जन और पैरामेडिकल स्टाफ तैनात रहेंगे. हेलीपैड पर तैनात मेडिकल टीम पायलट के लिए आवश्यक फिटनेस प्रमाण पत्र जारी करने की जिम्मेदारी भी संभालेगी.

ग्रीन हाउस में भोजन की सुरक्षा पर भी नजर

मुख्यमंत्री के भोजन की शुद्धता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों और सहायकों की विशेष टीम तैनात की गई है. टीम भोजन से संबंधित सुरक्षा मानकों की निगरानी करेगी, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की स्वास्थ्य संबंधी समस्या न हो.

नियंत्रण कक्ष और जिला अतिथि गृह में भी मेडिकल अलर्ट

जिला नियंत्रण कक्ष और जिला अतिथि गृह यानी सर्किट हाउस में भी डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती की गई है. यहां मेडिकल टीम किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराने के लिए तैयार रहेगी.

प्रेक्षागृह में तीन स्तर पर मेडिकल व्यवस्था

महात्मा गांधी प्रेक्षागृह को लेकर विशेष मेडिकल व्यवस्था की गई है. कार्यक्रम स्थल के अंदरूनी हिस्से के अलावा उत्तरी और दक्षिणी द्वार पर अलग-अलग मेडिकल टीमें तैनात रहेंगी. इसका उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में मौके पर ही तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना है.

चलंत चिकित्सालय और कंटीजेंसी अस्पताल भी तैयार

आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए अस्थायी चिकित्सा शिविर यानी चलंत चिकित्सालय की व्यवस्था की गई है. इसके साथ ही एमसीएच भवन में कंटीजेंसी अस्पताल भी तैयार रखा जाएगा, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके.

मॉक ड्रिल में शामिल होंगी मेडिकल टीमें

स्वास्थ्य विभाग के आदेश के अनुसार कारकेड और हेलीपैड सुरक्षा से जुड़ी मेडिकल टीमों को कार्यक्रम से पहले पुलिस लाइन मोतिहारी में आयोजित मॉक ड्रिल में अनिवार्य रूप से शामिल होना होगा. सभी प्रतिनियुक्त डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को निर्धारित ड्रेस कोड तथा परिचय पत्र के साथ समय पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है.

जीवन रक्षक दवाओं की मेडिकल किट भी उपलब्ध रहेगी

सदर अस्पताल के भंडारपाल को सभी मेडिकल टीमों के लिए आवश्यक जीवन रक्षक दवाओं और अन्य जरूरी सामग्री की मेडिकल किट उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है. इससे आपात स्थिति में मौके पर तत्काल उपचार शुरू किया जा सकेगा.

डॉ. एसएन सत्यार्थी को मिली पूरी व्यवस्था की कमान

संपूर्ण चिकित्सकीय व्यवस्था की निगरानी के लिए सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. एस. एन. सत्यार्थी को वरीय प्रभारी बनाया गया है. उनके सहयोग के लिए रोहित राज को नामित किया गया है.

सिविल सर्जन के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि वीआईपी ड्यूटी में किसी भी स्तर की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी. इसके लिए संबंधित अधिकारी या कर्मी स्वयं जिम्मेदार होंगे.

यह भी पढ़ें: रक्सौल में लोन दिलाने के नाम पर 58.15 लाख की ठगी, हर बार नए चार्ज के नाम पर ऐंठते रहे रकम

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Amresh kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >