जेपी आंदोलन के सेनानी और भाजपा के वरिष्ठ नेता गोपाल शर्मा नहीं रहे, जिले में शोक की लहर

मोतिहारी के वरिष्ठ भाजपा नेता, जेपी सेनानी और जिला मुखिया संघ के पूर्व अध्यक्ष गोपाल शर्मा का 73 वर्ष की आयु में निधन हो गया है. उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है. उन्हें जनसेवा और संघर्षशील नेतृत्व के लिए हमेशा याद किया जाएगा.

Motihari News: पूर्वी चंपारण जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता, जेपी सेनानी और जिला मुखिया संघ के पूर्व अध्यक्ष गोपाल शर्मा का रविवार शाम करीब 6:15 बजे 73 वर्ष की आयु में निधन हो गया. उनके निधन की खबर मिलते ही जिले के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई.

गोपाल शर्मा लंबे समय तक जनजीवन और पंचायत राजनीति से जुड़े रहे. उन्हें एक संघर्षशील और जुझारू जननेता के रूप में जाना जाता था.

जेपी आंदोलन में निभाई थी अहम भूमिका

वर्ष 1974 के जेपी आंदोलन में गोपाल शर्मा की सक्रिय भूमिका रही. आंदोलन के दौरान ढाका निबंधन कार्यालय जलाने के चर्चित मामले में उन्हें जेल भी जाना पड़ा था.

सहकर्मी उन्हें सिद्धांतों पर अडिग रहने वाले नेता के रूप में याद करते हैं.

27 वर्षों तक रहे मुखिया

गोपाल शर्मा 1978 से 2005 तक लगातार चिरैया प्रखंड के सिरौना पंचायत के मुखिया रहे.

इस दौरान उन्होंने जिला मुखिया संघ के अध्यक्ष के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई और पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया. भाजपा संगठन के विस्तार और मजबूती में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही.

नेताओं ने जताया शोक

गोपाल शर्मा के निधन पर शिवहर सांसद लवली आनंद, पूर्व सांसद आनंद मोहन, चिरैया विधायक लालबाबू प्रसाद गुप्ता, पूर्व मंत्री सह विधायक प्रमोद कुमार, पूर्व मंत्री सह विधायक राणा रंधीर सिंह, पूर्व विधायक अवनीश कुमार सिंह, पवन जायसवाल, जेपी सेनानी संघ के जिलाध्यक्ष राय सुंदर देव शर्मा, कुमार शिव शंकर, प्रो. अखिलेश सिंह, राम विनय सिंह, रामकिशोर सिंह, जिला मुखिया संघ के पूर्व अध्यक्ष कुमार मनोज सिंह, मुखिया राजू बैठा और जन सुराज के ई. संजय सिंह समेत कई जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया.

जनसेवा के लिए हमेशा याद किए जाएंगे

शोक संदेशों में नेताओं ने कहा कि गोपाल शर्मा का निधन भाजपा और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है.

उन्होंने कहा कि गोपाल शर्मा केवल एक जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि संघर्ष, सादगी और जनसेवा की मिसाल थे. राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा के लिए उनका योगदान लंबे समय तक याद किया जाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Rajnikhil banjriya

Published by: Aaruni Thakur

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >