मोतिहारी: डीएम के सामने छात्रों ने गिनाईं स्कूल की समस्याएं, शिक्षक नहीं तो ऑनलाइन कोर्स से पढ़ाई का निर्देश

मोतिहारी के आवासीय विद्यालय में छात्रों की शिकायतें सुनने पहुंचे डीएम ने मेस व्यवस्था से लेकर शिक्षकों की कमी तक कई मामलों में अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया. गणित के सवालों का सही जवाब देने वाले तीन छात्रों को सम्मानित भी किया.

मोतिहारी न्यूज: डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय, सुगांव में शुक्रवार को डीएम सौरभ सुमन यादव के औचक निरीक्षण के दौरान छात्रों ने स्कूल की व्यवस्थाओं को लेकर कई गंभीर शिकायतें सामने रखीं. वर्गवार छात्रों से बातचीत में मेस, साफ-सफाई, पोशाक की गुणवत्ता, शिक्षकों की कमी और प्रयोगशाला के नियमित संचालन समेत कई समस्याएं सामने आयीं. डीएम ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एक सप्ताह के भीतर समस्याओं का समाधान कराने का निर्देश दिया.

छात्रों ने मेस और पोशाक को लेकर की शिकायत

निरीक्षण के दौरान छात्रों ने बताया कि जीविका द्वारा संचालित मेस और साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं है. छात्रों ने यह भी शिकायत की कि उन्हें उपलब्ध करायी जा रही पोशाक उनके माप के अनुरूप नहीं है और उसकी गुणवत्ता भी ठीक नहीं है. छात्रों की शिकायत पर डीएम ने मेस व्यवस्था को लेकर तत्काल आवश्यक सुधार के निर्देश दिये.

डीएम ने छात्रों के साथ मेस में अल्पाहार भी किया और भोजन की गुणवत्ता तथा निर्धारित मेन्यू के अनुसार व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

विज्ञान, गणित और हिंदी के शिक्षक नहीं

छात्रों ने विद्यालय में विज्ञान, गणित और हिंदी समेत कई विषयों के शिक्षकों की कमी की समस्या भी बतायी. इसके अलावा प्रयोगशाला का नियमित संचालन नहीं होने और त्रैमासिक परीक्षा के परिणाम की जानकारी छात्रों को नहीं दिये जाने की शिकायत की गयी.

डीएम ने जिला कल्याण पदाधिकारी को जिला शिक्षा पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर विषयवार शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति जल्द सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

ऑनलाइन कोर्स से होगी पढ़ाई

विषयवार शिक्षकों की कमी को देखते हुए डीएम ने तत्काल बिहार बोर्ड का ऑनलाइन कोर्स उपलब्ध कराने और उसके माध्यम से कक्षाओं का सुचारू संचालन कराने को कहा. साथ ही विद्यालय में पर्याप्त पुस्तक, खेल सामग्री, संगीत उपकरण और जनरेटर की सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.

विद्यालय के प्रधानाध्यापक और प्रबंधक को छात्रों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के साथ परिसर में अनुशासन बनाए रखने को कहा गया.

गणित का जवाब देने वाले तीन छात्र सम्मानित

निरीक्षण के दौरान डीएम ने कक्षा आठ के छात्रों से गणित विषय से जुड़े सवाल पूछे. पवन कुमार, संजीव कुमार और रूपेश कुमार ने सवालों का संतोषजनक जवाब दिया. डीएम ने तीनों छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनकी हौसला अफजाई की.

औचक निरीक्षण के दौरान सदर एसडीओ अरुण कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी संतोष कुमार पांडेय, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मोतिहारी दिलीप कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे.

यह भी पढे़ं:

तस्करी करने वालों की अब खैर नहीं... भारत-नेपाल सीमा के लिए तगड़ा प्लान तैयार, हुई वरिय अधिकारियों की बैठक


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Intejarul Haq

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >