Motihari News: पूर्वी चंपारण जिले की 17 बाल विकास परियोजनाओं में गुरुवार को जून माह का टेक होम राशन (टीएचआर) लाभार्थियों के बीच वितरित किया गया. विभाग का दावा है कि शेष 11 परियोजनाओं में भी सेविकाओं के खाते में राशि हस्तांतरित होने के एक सप्ताह के भीतर वितरण पूरा कर लिया जाएगा.
हालांकि जुलाई माह का टीएचआर जिले के किसी भी आंगनबाड़ी केंद्र पर अब तक वितरित नहीं किया गया है, क्योंकि इसके लिए विभाग की ओर से अभी राशि उपलब्ध नहीं कराई गई है.
इन 17 परियोजनाओं में हुआ वितरण
जिन परियोजनाओं में जून माह का टीएचआर वितरित किया गया, उनमें मेहसी, पकड़ीदयाल, पताही, मोतिहारी सदर, रक्सौल, तेतरिया, बनकटवा, ढाका, घोड़ासहन, हरसिद्धि, मोतिहारी ग्रामीण, नरकटिया, पीपराकोठी, फेनहारा, आदापुर, बंजरिया और चिरैया शामिल हैं.
विभाग के अनुसार बाकी परियोजनाओं में भी राशि जारी होने के बाद वितरण प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी.
लाभार्थियों के लिए विभाग की अहम सलाह
विभाग ने लाभार्थियों से अपील की है कि बिना टेक होम राशन प्राप्त किए एफआरएस (FRS) नहीं कराएं.
निर्देश में कहा गया है कि जिस माह का पोषाहार मिले, उसी माह उसका एफआरएस किया जाए. अग्रिम एफआरएस कराने से भविष्य में पोषाहार वितरण में गड़बड़ी की संभावना बन सकती है.
एफआरएस व्यवस्था क्यों लागू की गई
विभाग के अनुसार एफआरएस सिस्टम का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पोषाहार का शत-प्रतिशत लाभ वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंचे.
विभागीय स्तर पर यह भी माना जा रहा है कि यदि लाभार्थी बिना राशन प्राप्त किए एफआरएस करा देते हैं, तो वितरण प्रक्रिया में भ्रम या अनियमितता की स्थिति उत्पन्न हो सकती है.
क्या बोलीं प्रभारी आईसीडीएस डीपीओ
प्रभारी आईसीडीएस डीपीओ निधि कुमारी ने बताया कि जिले की 17 बाल विकास परियोजनाओं में जून माह का टीएचआर वितरण किया जा चुका है.
उन्होंने कहा कि शेष परियोजनाओं में भी जल्द वितरण कराया जाएगा. वहीं जुलाई माह का टीएचआर वितरण अभी शुरू नहीं हुआ है, क्योंकि इसके लिए विभाग से राशि उपलब्ध नहीं कराई गई है.
