Motihari: ढाका हाई स्कूल में मार्कशीट और एसएलसी के बदले पैसे लेने का आरोप, जांच समिति गठित

सिकरहना के ढाका उच्च विद्यालय से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें एक छात्रा ने मार्कशीट और एसएलसी देने के बदले पैसे लेने का आरोप लगाया है. मामले की जांच के लिए एसडीओ ने तीन सदस्यीय समिति गठित कर दो दिनों में रिपोर्ट मांगी है. पढ़ें पूरी खबर...

मोतिहारी के सिकरहना से राजकिशोर गिरि की रिपोर्ट

Motihari News: सिकरहना अनुमंडल के ढाका उच्च विद्यालय से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है. वायरल वीडियो में एक इंटरमीडिएट उत्तीर्ण छात्रा ने विद्यालय के एक शिक्षक पर मार्कशीट और स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट (एसएलसी) देने के बदले पैसे लेने का आरोप लगाया है. हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और मामले की जांच की जा रही है.

छात्रा ने लगाए पैसे लेने के आरोप

वायरल वीडियो में ढाका थाना क्षेत्र के लहन ढाका मोहल्ला निवासी गुलनाज खातून ने आरोप लगाया है कि विद्यालय से मार्कशीट और एसएलसी प्राप्त करने के लिए उनसे पैसे लिए गए. वीडियो में छात्रा का दावा है कि पैसे नहीं देने पर उन्हें आवश्यक शैक्षणिक दस्तावेज दिए बिना विद्यालय से लौट जाने के लिए कहा गया. इसके बाद उन्होंने पैसे देकर अपने दस्तावेज प्राप्त किए.

वीडियो में कथित रूप से शिक्षक को छात्रा से पैसे लेते हुए भी दिखाए जाने का दावा किया जा रहा है.

कार्रवाई की मांग, थाने में दिया आवेदन

गुलनाज खातून और उनके भाई राशिद हुसैन ने संबंधित शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. मामले को लेकर राशिद हुसैन ने ढाका थाना में आवेदन देकर आरोपों की जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है.

विद्यालय प्रशासन ने मांगा स्पष्टीकरण

विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रीता कुमारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित शिक्षक से स्पष्टीकरण मांगा है. विद्यालय प्रशासन का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

एसडीओ ने गठित की तीन सदस्यीय जांच समिति

मामला अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) विजय कुमार के संज्ञान में आने के बाद तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है. समिति में अवर निर्वाचन पदाधिकारी विवेक यादव, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी संतोष कुमार तथा नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी रोहित कुमार को शामिल किया गया है.

एसडीओ ने समिति से दो दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने को कहा है. उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >