मैट्रिक परीक्षा में बड़ा मामला, संस्कृत की कॉपियों के पन्ने फटे मिले, दो केंद्राधीक्षकों से जवाब तलब

मोतिहारी में मैट्रिक परीक्षा 2026 में बड़ी लापरवाही सामने आई है। सुगौली और ढाका के दो परीक्षा केंद्रों पर संस्कृत की उत्तरपुस्तिकाओं के अंदरूनी पन्ने फटे मिले। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने दोनों केंद्राधीक्षकों से जवाब मांगा है, जिसके बाद वीक्षकों पर भी कार्रवाई हो सकती है.

Bihar Board Exam 2026: वार्षिक माध्यमिक परीक्षा 2026 के दौरान जिले के सुगौली और ढाका स्थित दो परीक्षा केंद्रों पर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है. संस्कृत विषय की उत्तरपुस्तिकाओं के अंदरूनी पन्ने फटे मिलने के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) राजन कुमार गिरी ने दोनों केंद्राधीक्षकों से जवाब तलब किया है.

यह कार्रवाई बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) के परीक्षा नियंत्रक (माध्यमिक) के निर्देश के बाद शुरू की गई है.

दो परीक्षा केंद्रों पर मिली फटी उत्तरपुस्तिकाएं

डीईओ ने बताया कि डीडी गर्ल हाई स्कूल, सुगौली परीक्षा केंद्र पर एक परीक्षार्थी की संस्कृत विषय की उत्तरपुस्तिका के कुछ अंदरूनी पन्ने फटे मिले.

इसी तरह सर थॉमस एडिशन पब्लिक स्कूल, ढाका परीक्षा केंद्र पर भी एक परीक्षार्थी की संस्कृत विषय की उत्तरपुस्तिका के कुछ पृष्ठ फटे पाए गए.

बिहार बोर्ड ने मामले को माना गंभीर

परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता से जुड़े इस मामले को बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने गंभीरता से लिया है.

डीईओ ने संबंधित केंद्राधीक्षकों को तत्काल स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है. साथ ही जिस कक्ष में संबंधित परीक्षार्थी बैठा था, वहां ड्यूटी पर तैनात वीक्षक का नाम और उसके मूल विद्यालय की जानकारी भी उपलब्ध कराने को कहा गया है.

वीक्षकों पर भी हो सकती है कार्रवाई

डीईओ ने कहा कि मामले की समीक्षा केंद्राधीक्षकों के जवाब और वीक्षकों की जानकारी मिलने के बाद की जाएगी.

यदि जांच में लापरवाही की पुष्टि होती है, तो बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के निर्देशानुसार संबंधित वीक्षक और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अमृतेश 15 वर्षों से प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. खबर पर हमेशा पैनी नजर रखने वाले अमृतेश को क्षेत्रीय और जमीनी स्तर की रिपोर्टिंग का लंबा अनुभव है. वर्तमान में ये डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में अपनी लेखनी के जरिए लगातार सक्रिय हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >