Motihari News: छौड़ादानो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में गुरुवार को बीडीओ सुनील कुमार मिश्र की अध्यक्षता में रोगी कल्याण समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं, आधारभूत सुविधाओं और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की समीक्षा की गई. समिति के सदस्यों ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अंशु अंकित द्वारा किए जा रहे सुधारात्मक कार्यों की सराहना करते हुए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए.
Chauradano News: 18 बिंदुओं पर हुई विस्तृत समीक्षा
बैठक में कुल 18 प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा हुई. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अंशु अंकित ने बताया कि अस्पताल में इमरजेंसी कक्ष का अभाव, ओपीडी का टूटा दरवाजा, पेयजल की अपर्याप्त व्यवस्था, खराब मेडिकल उपकरण, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर का शुरू से ही खराब होना तथा ओटी परिसर की साफ-सफाई जैसी कई कमियां चिन्हित की गई हैं.
अस्पताल में शुरू किए गए सुधारात्मक कार्य
डॉ. अंकित ने बताया कि अस्पताल में जंग लगे सभी बेड हटाए जा चुके हैं. जहां पंखे नहीं थे वहां नए पंखे लगाए गए हैं. लेबर रूम में खराब पड़े वार्मर को ठीक करा दिया गया है. मरीजों के लिए आरओ पेयजल की व्यवस्था की गई है. महिलाओं की समस्याओं के समाधान के लिए डॉ. वंदना को नामित किया गया है तथा दवाओं की उपलब्धता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है.
पार्किंग व्यवस्था का दिया सुझाव
रोगी कल्याण समिति के सदस्यों ने अस्पताल परिसर में वाहनों की पार्किंग की समुचित व्यवस्था विकसित करने का सुझाव दिया. साथ ही अस्पताल की अन्य आधारभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया.
बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अंशु अंकित ने कहा कि अस्पताल की व्यवस्था में व्यापक सुधार कर सभी मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है. इसके लिए चरणबद्ध तरीके से आवश्यक कार्य किए जा रहे हैं.
यह भी पढ़ें:एमजीसीयू में एबीवीपी सदस्यता अभियान का पोस्टर विमोचन, 31 अगस्त तक चलाया जाएगा अभियान
