Raksha Bandhan 2026: रक्षाबंधन से पहले मोतिहारी के बाजारों में सजी राखियों की दुकानें, मोटू-पतलू से चांदी तक की राखियां बनीं आकर्षण

रक्षाबंधन 2026 का त्योहार नज़दीक आते ही मोतिहारी के बाज़ारों में खरीदारी की धूम मच गई है. बच्चों के लिए मोटू-पतलू से लेकर चांदी की राखियों तक, सभी तरह की वैरायटी उपलब्ध हैं. 28 अगस्त को मनाए जाने वाले इस पर्व को लेकर उत्साह चरम पर है.

Raksha Bandhan 2026: रक्षाबंधन को लेकर मोतिहारी के बाजारों में रौनक बढ़ गयी है. शहर के मीनाबाजार रोड, बलुआ चौक, ज्ञानबाबू चौक, जानपुल, छतौनी चौक और स्टेशन रोड समेत प्रमुख बाजारों में रंग-बिरंगी राखियों की दुकानें सज गयी हैं. बच्चों के लिए मोटू-पतलू, छोटा भीम, डोरेमोन, पोकेमोन और स्पाइडर मैन वाली राखियां आकर्षण का केंद्र बनी हैं, वहीं चंदन, रुद्राक्ष, कुंदन और चांदी की राखियां भी ग्राहकों को खूब पसंद आ रही हैं.

रक्षाबंधन से पहले बाजार में बढ़ी चहल-पहल

रक्षाबंधन का पर्व नजदीक आते ही शहर के बाजारों में खरीदारी तेज हो गयी है. सुबह से शाम तक राखी की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बनी हुई है. दुकानदारों ने जयपुर, दिल्ली और कोलकाता से अलग-अलग डिजाइन की राखियां मंगायी हैं.

दुकानदारों को आने वाले दिनों में बिक्री और बढ़ने की उम्मीद है. बाजार में बच्चों से लेकर युवाओं और महिलाओं की पसंद को ध्यान में रखते हुए कई तरह की राखियां उपलब्ध हैं.

मोटू-पतलू और छोटा भीम वाली राखियों का क्रेज

बच्चों के लिए कार्टून कैरेक्टर वाली राखियां खास आकर्षण बनी हुई हैं. मोटू-पतलू, छोटा भीम, डोरेमोन, पोकेमोन और स्पाइडर मैन जैसी राखियां बच्चों को खूब पसंद आ रही हैं.

इसके अलावा स्टोन, कुंदन, एडी और फैंसी डिजाइन वाली राखियों की भी मांग है. दुकानदारों के अनुसार रक्षाबंधन का दिन करीब आने के साथ इनकी बिक्री में और तेजी आने की संभावना है.

चंदन और रुद्राक्ष वाली राखियों की बढ़ी मांग

फैंसी राखियों के साथ पारंपरिक और धार्मिक राखियों का क्रेज भी बरकरार है. बाजार में चंदन, रुद्राक्ष, स्वास्तिक और कच्चे धागे से तैयार राखियां उपलब्ध हैं.

दुकानदारों का कहना है कि लोग अब पारंपरिक डिजाइन वाली राखियों को भी पसंद कर रहे हैं. मोती और मूंगा जड़ित राखियां भी ग्राहकों का ध्यान खींच रही हैं.

भैया-भाभी राखी सेट भी पसंद कर रहीं बहनें

इस बार बाजार में भैया-भाभी राखी सेट भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. बहनें भाई के साथ भाभी के लिए भी एक साथ राखी खरीद रही हैं. जयपुरी वॉच की भी मांग बनी हुई है.

बाजार में करीब 20 रुपये से लेकर 5000 रुपये तक की राखियां उपलब्ध हैं. अलग-अलग डिजाइन और कीमत के कारण ग्राहक अपनी पसंद और बजट के अनुसार राखी खरीद रहे हैं.

चांदी की राखी की कीमत 5000 रुपये तक

बलुआ चौक के बाजार में कुंदन, एडी, चंदन और रुद्राक्ष वाली राखियां 50 से 500 रुपये तक उपलब्ध हैं. भैया-भाभी राखी सेट 200 से 500 रुपये, फैंसी डोर और कार्टून राखियां 10 से 150 रुपये तक मिल रही हैं.

जयपुरी वॉच 400 से 500 रुपये, रेडियम राखी 50 से 100 रुपये और चांदी की राखियां 1000 से 5000 रुपये तक में उपलब्ध हैं.

28 अगस्त को मनाया जाएगा रक्षाबंधन

वेद विद्यालय के प्राचार्य के अनुसार सावन पूर्णिमा की तिथि को लेकर उदया तिथि के आधार पर 28 अगस्त को रक्षाबंधन मनाया जाएगा. रक्षाबंधन को लेकर बाजारों में अगले कुछ दिनों में खरीदारी और बढ़ने की उम्मीद है.

यह भी पढ़ें: शादी का झांसा देकर दो साल तक यौन शोषण का आरोप, निजी वीडियो वायरल करने की धमकी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिषेक कुमार

अभिषेक कुमार 9 साल से पत्रकारिता कर रहे हैं. इनकी सबसे अच्छी पकड़ क्राइम और राजनीति की खबरों पर है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >