मोतिहारी में जलजमाव से राहत की तैयारी, नगर निगम ने शुरू किया विशेष सफाई अभियान

बरसात के मौसम में जलजमाव की समस्या से निजात दिलाने के लिए मोतिहारी नगर निगम ने एक व्यापक सफाई अभियान शुरू किया है. प्रभावित इलाकों से पानी निकालने और नालों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, साथ ही 10 संवेदनशील वार्डों के लिए स्थायी समाधान की योजना है.

Motihari Municipal Corporation: बारिश के मौसम में शहरवासियों को जलजमाव की समस्या से राहत दिलाने के लिए नगर निगम मोतिहारी ने विशेष अभियान शुरू किया है. अभियान के तहत जलनिकासी, नाला सफाई और कूड़ा उठाव का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है.

नगर निगम का दावा है कि सभी वार्डों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए टीमें लगातार काम कर रही हैं.

प्रभावित इलाकों में निकाला जा रहा पानी

महापौर प्रीति कुमारी ने बताया कि नगर आयुक्त आशीष कुमार के नेतृत्व में निगम की टीम लगातार मैदान में है.

छतौनी, चांदमारी, बरियारपुर, मठिया जिरात, जमला रोड, बंजरिया और रघुनाथपुर जैसे जलजमाव प्रभावित क्षेत्रों में टैंकर और मोटर पंप की मदद से पानी निकाला जा रहा है.

नाला सफाई और कूड़ा उठाव पर विशेष जोर

नगर निगम ने सभी सफाई कर्मियों और संबंधित टीमों को नियमित रूप से नालों की सफाई और कूड़ा उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.

उद्देश्य यह है कि बरसात के दौरान जलनिकासी बाधित न हो और लोगों को जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े.

10 संवेदनशील वार्डों के लिए स्थायी योजना

नगर निगम के सर्वेक्षण में जलजमाव की समस्या वाले 10 संवेदनशील वार्डों की पहचान की गई है.

इन क्षेत्रों में मुख्य नालों और गली-मोहल्लों में सड़क एवं नाला निर्माण कार्य तेज कर दिया गया है. निगम के अनुसार, स्वीकृत योजनाओं पर भी जल्द काम शुरू किया जाएगा.

ड्रेनेज नेटवर्क को किया जा रहा मजबूत

नगर निगम सार्वजनिक नालों से अतिक्रमण हटाने का भी अभियान चला रहा है.

इसके साथ ही छोटे और बड़े नालों को आपस में जोड़कर ड्रेनेज नेटवर्क को मजबूत किया जा रहा है, ताकि बारिश का पानी तेजी से निकल सके और शहर में जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान हो सके.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amresh kumar singh

Published by: Aaruni Thakur

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >