Motihari News: मोतिहारी सदर अस्पताल का गुरुवार को सिविल सर्जन डॉ. दिलीप कुमार ने औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने सर्जिकल वार्ड और जेनेटिक वार्ड का निरीक्षण कर मरीजों से सीधे बातचीत की और अस्पताल में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली.
मरीजों से ली स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी
निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन भर्ती मरीजों के पास पहुंचे और उनसे दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकीय सुविधाओं तथा डॉक्टरों की नियमित विजिट के संबंध में फीडबैक लिया. मरीजों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया और व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए.
ड्यूटी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
डॉ. दिलीप कुमार ने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवा अत्यंत संवेदनशील कार्य है. इसलिए सभी कर्मचारी अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करें. उन्होंने स्पष्ट कहा कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
उन्होंने डॉक्टरों को समय पर वार्ड राउंड करने और मरीजों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
सफाई और दवाओं की उपलब्धता पर जोर
सिविल सर्जन ने अस्पताल प्रबंधन को वार्डों में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था बनाए रखने और जीवनरक्षक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध रखने का निर्देश दिया, ताकि मरीजों को बाहर से दवाएं खरीदने की आवश्यकता न पड़े.
उन्होंने कहा कि सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए.
निरीक्षण के दौरान डॉ. अरशद कमाल, डॉ. शफी इमाम तथा अस्पताल के अन्य कर्मी उपस्थित रहे.
