विश्व मानव तस्करी निरोध दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, सिविल जज बोले- संदिग्ध प्रस्तावों से रहें सतर्क

विश्व मानव तस्करी निरोध दिवस पर मोतिहारी में नेत्रिका फाउंडेशन और मानव सेवा संस्थान ने जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया. इस कार्यक्रम में मानव तस्करी के बढ़ते खतरे, बचाव के उपाय और कानूनी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई.

मोतिहारी: विश्व मानव तस्करी निरोध दिवस के अवसर पर गुरुवार को नेत्रिका फाउंडेशन और मानव सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में श्रम संसाधन कार्यालय के सभा भवन में जागरूकता कार्यक्रम और विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मानव तस्करी के बढ़ते खतरे, इससे बचाव और कानूनी उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई.

मानव तस्करी मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सह सिविल जज नितिन त्रिपाठी ने कहा कि मानव तस्करी समाज के लिए गंभीर चुनौती है और यह मानवाधिकारों का घोर उल्लंघन है. उन्होंने बताया कि तस्कर अक्सर महिलाओं, बच्चों और कमजोर वर्ग के लोगों को नौकरी, शिक्षा या विवाह का झांसा देकर शोषण का शिकार बनाते हैं.

उन्होंने कहा कि मानव तस्करी के मामलों में जबरन मजदूरी, यौन शोषण, बाल विवाह, भिक्षावृत्ति और अन्य अवैध गतिविधियों के लिए लोगों का इस्तेमाल किया जाता है. ऐसे अपराधों को रोकने के लिए समाज में जागरूकता बढ़ाना बेहद जरूरी है.

संदिग्ध प्रस्तावों से सतर्क रहने की अपील

सिविल जज ने लोगों से अपील की कि रोजगार, पढ़ाई या विवाह के नाम पर मिलने वाले किसी भी संदिग्ध प्रस्ताव पर बिना जांच-परख भरोसा न करें. यदि कहीं मानव तस्करी या संदिग्ध गतिविधि की आशंका हो तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस या प्रशासन को दें. उन्होंने कहा कि पीड़ितों के प्रति संवेदनशीलता दिखाना और समय पर सूचना देना हर नागरिक की जिम्मेदारी है.

मानव तस्करी मुक्त समाज बनाने का लिया संकल्प

श्रम अधीक्षक सत्य प्रकाश ने कहा कि विश्व मानव तस्करी निरोध दिवस हमें ऐसे समाज के निर्माण का संकल्प लेने का अवसर देता है, जहां हर व्यक्ति को सम्मान, स्वतंत्रता और सुरक्षा का अधिकार मिले. उन्होंने लोगों से मानव तस्करी के खिलाफ एकजुट होकर जागरूकता फैलाने की अपील की.

दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर की गई. नेत्रिका फाउंडेशन के निदेशक डॉ. कमलेश कुमार ने अतिथियों का अंगवस्त्र और मोमेंटो देकर स्वागत किया. कार्यक्रम का संचालन नीरज कुमार ने किया.

इस अवसर पर नवोदय विद्यालय के पूर्व प्राचार्य जगत नारायण प्रसाद, डॉ. मंजर नसीम, संगीता चित्रांश, सुजीत कुमार सिंह, डॉ. स्नेहा एस. चौरसिया, अरुण कुमार श्रीवास्तव, विनय कुमार, दिग्विजय कुमार, श्यामल प्रतीक और उमेश साह समेत कई वक्ताओं ने मानव तस्करी रोकने में समाज की भूमिका पर अपने विचार रखे. कार्यक्रम में रक्सौल के माहेर, डंकन, प्रथम, लायंस क्लब, सिटीजन फोरम और भारत विकास परिषद के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे.

यह भी पढे़ं: पैक्स चुनाव: चाचा पर भारी पड़ा भतीजा, सूरज कुमार 123 वोटों से बने अध्यक्ष


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Intejarul haq

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >