Motihari CO Chamber CCTV: सदर अंचलाधिकारी के चैंबर में शनिवार को उच्च गुणवत्ता वाला CCTV कैमरा और 53 इंच की एचडी टच स्क्रीन स्थापित की गई. नई व्यवस्था के बाद अब चैंबर में होने वाली गतिविधियों की विभागीय स्तर पर निगरानी की जा सकेगी.
बताया जा रहा है कि इस सिस्टम की ऑनलाइन मॉनिटरिंग पटना स्थित विभागीय कार्यालय से की जाएगी.
कामकाज में पारदर्शिता लाने की पहल
विभाग की ओर से अंचल कार्यालयों में अधिकारियों के कार्यों की निगरानी और पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से यह व्यवस्था लागू की जा रही है.
CCTV कैमरे के जरिए चैंबर में आने वाले आम लोगों, अधिकारियों और कर्मचारियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी.
टच स्क्रीन पर दिखेगी लाइव फुटेज
चैंबर में लगाई गई 53 इंच की एचडी टच स्क्रीन के माध्यम से कैमरे की फुटेज स्पष्ट रूप से देखी जा सकेगी.
विभागीय स्तर पर ऑनलाइन मॉनिटरिंग की व्यवस्था होने से वरिष्ठ अधिकारियों को अंचल कार्यालय के कामकाज की नियमित जानकारी मिलती रहेगी.
जमीन से जुड़े मामलों में बढ़ेगी निगरानी
सदर अंचल कार्यालय में प्रतिदिन दाखिल-खारिज, जमाबंदी सुधार, भूमि विवाद और अन्य राजस्व मामलों को लेकर बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं.
ऐसे में CCTV आधारित निगरानी व्यवस्था से कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ने और शिकायतों में कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है.
