रक्सौल: सुबह-सुबह डिवाइडर से टकराकर पलटी बोलेरो ,चालक ने अस्पताल में तोड़ा दम

नेपाल के रक्सौल के पास सोमवार सुबह एक बोलेरो पिकअप डिवाइडर से टकराकर सड़क के दूसरी ओर पलट गई. इस हादसे में वाहन चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि सहचालक गंभीर रूप से घायल है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Raxaul News: रक्सौल. नेपाल के बारा जिले के जितपुर सिमरा उपमहानगरपालिका-7 स्थित छातापिपरा में सोमवार सुबह एक बोलेरो पिकअप दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. आर्मी बैरक के सामने पथलैया-वीरगंज सड़कखंड पर हुए हादसे में वाहन चालक की मौत हो गयी, जबकि सहचालक घायल हो गया. दुर्घटना के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान चालक ने दम तोड़ दिया.

डिवाइडर से टकराकर सड़क के दूसरी ओर पलटी बोलेरो

जिला पुलिस कार्यालय बारा के अनुसार, सोमवार सुबह पथलैया से वीरगंज की ओर जा रही ना. 5 च 2277 नंबर की खाली बोलेरो पिकअप अचानक अनियंत्रित हो गयी. वाहन पहले सड़क के डिवाइडर से टकराया और इसके बाद डिवाइडर पार करते हुए सड़क के दाहिनी ओर पलट गया. हादसे के समय वाहन में चालक और सहचालक समेत दो लोग सवार थे.

22 वर्षीय चालक की इलाज के दौरान मौत

दुर्घटना में पर्सा जिले के वीरगंज महानगरपालिका-30 प्रोसतिपुर निवासी 22 वर्षीय चालक जैमुदिन अंसारी घायल हो गये. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें सहचालक के साथ एल.एस. न्यूरो अस्पताल, परवानीपुर ले जाया गया. सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी जांच की गयी. अस्पताल में उपचार के दौरान सुबह करीब 8:45 बजे चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

सहचालक के हाथ-पैर में लगी चोट

हादसे में पर्सा के विश्रामपुर गांवपालिका-9 निवासी 20 वर्षीय सहचालक स्वयमभुला अंसारी भी घायल हुए हैं. उनके बाएं हाथ और बाएं पैर में चोट लगी है. चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति मध्यम है और अस्पताल में उनका उपचार जारी है.

अस्पताल में रखा गया शव, पुलिस कर रही जांच

पुलिस के अनुसार, मृतक जैमुदिन अंसारी का शव पोस्टमार्टम सहित आवश्यक प्रक्रिया के लिए अस्पताल में ही रखा गया है. दुर्घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. हादसा किस वजह से हुआ, इसका पता लगाया जा रहा है.

दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो पुलिस के कब्जे में

दुर्घटना के बाद इलाका प्रहरी कार्यालय जितपुर ने बोलेरो पिकअप को अपने कब्जे में ले लिया है. हादसे के कारण पथलैया-वीरगंज सड़क पर यातायात प्रभावित नहीं हुआ. पुलिस दुर्घटना के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें: मकान की छत पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग लगाने पर कितना टैक्स बचेगा? जानें 5 प्रतिशत छूट का नियम

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनोज कुमार गुप्ता

मनोज कुमार गुप्ता बीते 15 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. वह प्रिंट, रेडियो और डिजिटल माध्यमों का व्यापक अनुभव रखते हैं. वर्तमान में भारत-नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्र से रिपोर्टिंग करते हुए अंतरराष्ट्रीय संबंधों, सीमा सुरक्षा और नेपाल की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं. सामाजिक सरोकारों में गहरी रुचि के साथ वे क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने और उनके समाधान के प्रयासों के लिए जाने जाते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >